फ्रेंच ओपन सुपर सीरीज पर कब्जा जमाया किदांबी श्रीकांत ने - srikanth clinches 4th superseries title of the year





नई दिल्ली: भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने फ्रेंच ओपन सुपर सीरीज का खिताब जीत लिया. श्रीकांत ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जापानी खिलाड़ी केंटा निशिमोतो को 21-14, 21-13 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया. श्रीकांत का इस साल का यह चौथा सुपर सीरीज खिताब है. इससे पहले अभी हाल ही में श्रीकांत ने कोरिया के ली ह्यून को हराकर डेनमार्क ओपन सुपर सीरीज खिताब जीता था.


श्रीकांत ने इस साल इंडोनेशिया ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर, ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर सीरीज और डेनमार्क ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर खिताब जीता था. श्रीकांत एक साल में चार सुपर सीरीज खिताब जीतने का कारनामा करने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं.



इससे पहले श्रीकांत ने हमवतन एचएस प्रणय को सेमीफाइनल में हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया था. सेमीफाइनल में प्रणय के खिलाफ तीसरे और निर्णायक गेम में आठवें वरीय श्रीकांत एक समय 16-18 से पिछड़ रहे थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार पांच अंक जीतकर गेम 21-18 से अपने नाम करके फाइनल में जगह बनाई. श्रीकांत ने एक घंटे दो मिनट चले मुकाबले में प्रणय पर 14-21, 21-19, 21-18 से जीत दर्ज की थी.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment