क्या नीतीश जी गुजरात जीतने जा रहे हैं: तेजस्वी यादव - tejashvi yadav hits out at nitish kumar for fielding candidates in gujarat assembly polls




पटना: नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड ने गुजरात चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने का फ़ैसला किया है. पिछले दिनों ये घोषणा पार्टी के महासचिव केसी त्यागी ने की. लेकिन, पार्टी सूत्रों की मानें तो गुजरात में पार्टी भाजपा को और कांग्रेस को हराने के लिये नहीं बल्कि शरद गुट का उम्मीदवार ना जीत जाये इसलिये लड़ रही है. पार्टी का एकमात्र विधायक छोटू भाईवसावाँ अब शरद गुट के पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष है. नीतीश समर्थक मानते हैं चूंकी पार्टी चुनाव आयोग द्वारा केवल बिहार में मान्यता प्राप्त है इसलिये गुजरात में उम्मीदवार उतारकर उसकी कोशिश है कि पार्टी का तीर निशान चिह्न उनके पास रह जाये.


हालाँकि पार्टी को उम्मीद और भरोसा दोनों है कि मात्र मैदान में उम्मीदवार उतार देने से जीत नहीं होगी और अधिकांश उम्मीदवार की ज़मानत ज़ब्त होनी भी तय है. लेकिन शरद गुट के नेताओं का मानना है नीतीश भाजपा से पूछ कर उम्मीदवार देंगे जिससे भाजपा उम्मीदवारों की जीत आसान हो जाये.


हालांकि नीतीश के फ़ैसले पर बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर पूछा है कि राष्ट्रपति चुनाव में गठबंधन धर्म में रहते हुए परम ज्ञानी अंतर्यामी नीतीश जी ने कहा था कि यूपीए को हार के लिए चुनाव नहीं लड़ना चाहिए. तो क्या नीतीश जी गुजरात जीतने जा रहे हैं? अंतरात्मा की सुन जवाब दें?
 

नीतीश की पार्टी के नेता भी पूछ रहे हैं कि जब हश्र मालूम है तब चुनाव में जाने से क्या फ़ायदा. उनका कहना है कि दिल्ली के म्यूनिसिपल चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवार उतारे गए लेकिन जीता एक भी नहीं.


लेकिन इससे ये संदेश गया कि केजरीवाल की आप पार्टी के उम्मीदवारों को हराने के लिये हमने उम्मीदवार दिये.


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment