महिला अंडर 19 क्रिकेट मैच के दौरान बना अनोखा रिकॉर्ड - nagaland u19 women team out for 2 runs in one day game




नई दिल्‍ली: भारत की महिला अंडर 19 क्रिकेट मैच के दौरान एक अनोखा रिकॉर्ड बना है. केरल के खिलाफ अंडर 19 वनडे लीग मैच खेलते हुए नगालैंड की टीम महज 2....जी हां केवल 2 रन बनाकर आउट हो गई. मैच में नगालैंड की टीम महज 17 ओवर ही खेल सकी. मजे की बात यह है कि इस दौरान टीम की 9 बल्‍लेबाज खाता खोले बिना ही आउट हो गईं. टीम की प्रारंभिक बल्‍लेबाज मेनका ने एक रन बनाया जबकि एक अन्‍य रन अतिरिक्‍त (वाइड ) के रूप में आया. मैच में नगालैंड टीम के दोनों रन पारी के शुरुआती पांच ओवर में बने.



एक समय टीम का स्‍कोर बिना विकेट खोए 2 रन था और देखते ही देखते पूरी टीम इसी स्‍कोर पर आउट होकर पेवेलियन लौट आई. जवाब में केरल ने इस लक्ष्‍य को केवल एक गेंद पर हासिल कर लिया. इस तरह केरल ने सबसे कम गेंद में लक्ष्य हासिल करने का नेपाल  का  रिकॉर्ड तोड़ दिया. नेपाल ने वर्ष 2006 में म्यांमार के खिलाफ मैच में लक्ष्‍य तक पहुंचने के लिए केवल दो गेंदें ली थीं.


इस मैच में केरल की तरफ से पांच गेंदबाजों ने 16 ओवर मेडन डाले. कप्तान मिन्नु मनी ने 4 मेडन ओवर डाले और 4 विकेट हासिल किए. दूसरी ओर, सौरभ्या पी ने 2 विकेट निकाले और 6 मेडन ओवर डाले. केरल की टीम ने एक वाइड और एक चौके की मदद से लक्ष्य को हासिल कर लिया. गुंटूर के जेकेसी कॉलेज ग्राउंड में खेले गए इस मैच में नगालैंड टीम ने मैच में 17 ओवर तक बैटिंग की और सिर्फ 2 ही रन बना सकी. टीम की ओर से मेनका ही एक ऐसी बल्लेबाज रहीं जिन्होंने  इस मैच में रन बनाया.एक बल्लेबाज बिना कोई रन बनाए नाबाद रही. मेनका ने अपनी पारी के दौरान 18 गेंदें खेलीं. केरल की टीम को मैच में जीत के लिए सिर्फ 3 रन की दरकार थी. गेंदबाजी के लिए आईं दीपिका कैंतुरा की पहली बॉल वाइड रही, जबकि अगली गेंद पर ओपनर अंशु एस. राजू ने  चौका जमाते हुए टीम को जीत तक पहुंचा दिया.


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment