नई दिल्ली: प्रसिद्ध टीवी एक्टर पीयूष सचदेवा को बलात्कार के मामले में मुंबई में गिरफ्तार कर लिया गया है. पीयूष पर यह आरोप 23 साल की फैशन डिजाइनर ने लगाया है, जो जानकारी के अनुसार उनकी लिव इन पार्टनर थीं. पीयूष, टीवी सीरिलय 'देवों के देव महादेव’ में भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं. उन्हें सोनी चैनल के सीरियल 'बेहद' में उनके किरदार समय के नाम से जाना जाता है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पीयुष को पीड़िता के आरोपों के बाद गिरफ्तार किया गया है, जो उनके साथ पिछले 2 महीनों से लिव इन में रह रही थीं. जानकारी के अनुसार पीयूष ने अपनी इस लिव इन पार्टनर को मोडलिंग और एक्टिंग में करियर बनाने का झांसा दिया था और इसी लालच से लड़की का फायदा उठा रहे थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पीड़िता ने पीयूष के खिलाफ 20 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी और वर्सोवा पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. कोर्ट में पेश किए जाने के बाद पीयूष को 27 नवंबर तक के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. पीयूष के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पीयूष का परिवार उनकी गिरफ्तारी से पूरी तरह अंजान है. पीयूष की बहन मेहर विज भी एक्ट्रेस हैं और हाल ही में फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' में वह जायरा वसीम की मां के किरदार में नजर आ चुकी हैं. बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब पीयूष खबरों में रहे हैं. कुछ समय पहले वह अपनी पत्नी आकांक्षा रावत से अलग होने के चलते भी खबरों में आए थे. खबरें थीं कि पीयूष अपने सीरियल 'बेहद' में भी किसी को-स्टार को डेट कर रहे हैं और यही उनके तलाक की असली वजह है.
पीयूष ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2007 में टीवी शो ‘हर घर कुछ कहता है’ में सपोर्टिंग एक्टर के तौर पर की थी. साल 2008 में उन्हें ‘मीत मिला दे रब्बा’ में लीड रोल में देखा गया. इसके बाद उन्हें कामयाबी मिली और वे एक के बाद एक कई शो करते गए.



0 comments:
Post a Comment