तमिलनाडु में तूफान 'ओखी' ने प्रभावित किया सामान्य जन जीवन - hurricane okhi headed towards lakshadweep in tamilnadu




चेन्नई: तमिलनाडु के तटीय इलाके में सीजन का पहला तूफान 'ओखी' का असर दिखना शुरू हो गया है. तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में कल रात से मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं के कारण आज सामान्य जन जीवन पूरी तरह प्रभावित रहा और जगह जगह पेड़ एवं खंभे उखड़े पड़े हैं. जिला प्रशासन ने लोगों से घर से बाहर नहीं निकलने के लिए कहा है.  जिले के विभिन्न हिस्सों में बिजली नहीं है और शैक्षिक संस्थान बंद हैं. दक्षिण रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि यहां से चलने वाली और गुजरने वाली दो गाडि़यां आंशिक रूप से अथवा पूरी तरह रद्द कर दी गयी हैं.



स्थानीय प्रशासन उखड़े पेड़ों को हटाने का काम कर रहा है ताकि यातायात को सुचारू किया जा सके.  इस बीच दक्षिण तमिलनाडु के तिरूनेलवेली और तूतीकोरन और अन्य स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवायें चलीं जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है.



मिली जानकारी के मुताबिक तूफान ओखी तमिलनाडु के तटीय इलाकों से दक्षिण में 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. जो धीरे-धीरे लक्षद्वीप की ओर बढ़ रहा है. प्रशासन से अलर्ट जारी करते हुए 7 जिलों में स्कूल बंद करने का आदेश जारी कर दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे तक भारी बारिश जारी रह सकती है. किसी भी स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की दो टीमें भेज दी गई हैं. वहीं 47 टीमों को अलर्ट पर रखा गया है.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment