आप की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में हुआ हंगामा - kumar vishwas takes a jibe over recent development in aam aadmi party





नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वासएक बार फिर से तेवर दिखा रहे हैं. अब उन्होंने ट्विटर पर एक कविता लिखी है जिसके बाद अंदाजा लगाया जा सकता है कि पार्टी में किस तरह से अंदर ही अंदर उबाल है. दरअसल विधायक अमनातुल्ला खान का निलंबन वापस होने से नाराज चल रहे कुमार विश्वास जब पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे तो वहां खूब हो-हल्ला हुआ है. बताया जा रहा है कि उनके और विधायक अमानतुल्ला खान के समर्थकों के बीच हंगामा हुआ है. गौरतलब है कि अमानतुल्ला खान को कुमार विश्वास को बीजेपी का एजेंट कहने पर निलंबित कर दिया गया था.



लेकिन इस मामले की जांच के लिए आशुतोष की अगुवाई में बनी समिति ने अमानतुल्ला खान का निलंबन वापस करवा दिया. इस पर कुमार विश्वास नाराज हो गए और उन्होंने अमानतुल्ला खान को मुखौटा कह दिया. इतना ही नहीं कुमार विश्वास ने यह भी कहा कि कुछ लोग पार्टी के अंदर कुछ लोग राज्यसभा की सीट पक्की करने के लिए विधायकों को लुभाने में लगे हैं. यह सब चल रही था कि आम आदमी पार्टी के प्रवक्ताओं की लिस्ट जारी हुई तो उससे उनका नाम गायब था. आज राष्ट्रीय परिषद के एजेंडे में भी उनका नाम नहीं था. इस पर जब बैठक में सवाल उठे तो दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने उनको मंच पर बोलने के लिए आमंत्रित किया लेकिन कुमार ने अस्वीकार कर दिया.



इसके बाद कुमार विश्वास ने ट्विटर तंज कसते हुए एक कविता लिखी 'ख़ुशियों के बेदर्द लुटेरो..ग़म बोले तो क्या होगा.. ख़ामोशी से डरने वालो..'हम' बोले तो क्या होगा?'. उनके इस ट्वीट के बाद से एक बार फिर पार्टी में उनकी स्थिति पर सवाल खड़े होने लगे हैं. आपको बता दें कि कुछ महीने पहले तक अरविंद केजरीवाल से भी उनके मतभेद की खबरें आ चुकी हैं.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment