सोमनाथ मंदिर में गैर हिंदुओं के तौर पर पहुंचे राहुल गांधी - rahul gandhi registered as non hindu in somnath temples register





सोमनाथ : गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अब तक करीब 18 मंदिरों में दर्शन कर चुके कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को सोमनाथ पहुंचे। राहुल के यहां पहुंचने के बाद उनका नाम मंदिर के एंट्री रजिस्टर में लिखे जाने को लेकर विवाद सामने आ रहा है। सोमनाथ मंदिर में गैर हिंदू दर्शनार्थियों को दर्शन से पहले इस रजिस्टर में अपना नाम दर्ज करना पड़ता है।


कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल बुधवार को सोमनाथ मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। मंदिर परिसर में लगे बोर्ड पर स्पष्ट लिखा है कि सोमनाथ एक हिंदू मंदिर है और गैर हिंदू अनुमति लेने के बाद ही इसमें प्रवेश और दर्शन कर सकते हैं। साथ ही इसके लिए बनाए गए रजिस्टर में गैर हिंदुओं को अपना नाम और विवरण भरना होता है।



मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राहुल गांधी के मीडिया कोऑर्डिनेटर मनोज त्यागी ने सोमनाथ मंदिर के एंट्री रजिस्टर में राहुल गांधी और अहमद पटेल का नाम दर्ज किया। इस बात पर सवाल उठ रहे हैं कि कांग्रेस उपाध्यक्ष को गैर हिंदू के तौर पर एंट्री क्यों करनी पड़ी।



मंदिर में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक नहीं है, लेकिन उनके लिए नियम अलग होते हैं। वहीं इस मुद्दे पर कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी का नाम बाद में रजिस्टर में जोड़ा गया है।

मंदिर में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक नहीं है, लेकिन उनके लिए नियम अलग होते हैं।


बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राहुल गांधी के सोमनाथ जाने पर तंज कसा था। पीएम ने कहा, 'आज सोमनाथ मंदिर को याद करने वाले क्या अपना इतिहास भूल गए। आपके (राहुल गांधी) ही परिवार के सदस्य और हमारे पहले प्रधानमंत्री यहां पर सोमनाथ मंदिर बनाए जाने के विचार से खुश नहीं थे।'

गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान इस समय जोरों पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर तेवर अख्तियार करते हुए राहुल गांधी पूरे गुजरात में ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी राहुल मोदी सरकार से हिसाब मांग रहे हैं।

बुधवार को भी अपने ट्विटर हैंडल से राहुल ने पीएम से सवाल करते हुए लिखा, '2012 में वादा किया कि 50 लाख नए घर देंगे। 5 साल में बनाए 4.72 लाख घर। प्रधानमंत्री जी बताइए कि क्या ये वादा पूरा होने में 45 साल और लगेंगे?'
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment