नई दिल्ली: पिछले कुछ समय से संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती के लिए बुरी खबरें ही आ रही थीं, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट की तरफ से इस फिल्म के लिए एक खुशखबरी आई है. सुप्रीम कोर्ट ने इस फिल्म पर रोक लगाने वाली याचिका को मंगलवार को खारिज कर दिया.
बता दें कि वकील मनोहर लाल शर्मा ने 'पद्मावती' के ब्रिटेन में रिलीज पर रोक लगाने की मांग की थी. याचिकाकर्ता ने अदालत से कहा था कि 'अगर देश से बाहर फिल्म को रिलीज किया गया तो इससे सामाजिक सौहार्द को गंभीर नुकसान पहुंचेगा.'
दरअसल, इस फिल्म को भारत में सेंसर बोर्ड ने कुछ आपत्तियों के बीच सर्टिफिकेट जारी नहीं किया है, वहीं ब्रिटिश सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को 1 दिसंबर की रिलीज के लिए पास कर दिया है. शर्मा ने फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की थी. उन्होंने अपनी याचिका में कहा था कि फिल्म निर्माताओं ने यह कहकर तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की है कि फिल्म के गाने और प्रोमो को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने हरी झंडी दिखा दी है.
संजय लीला भंसाली की इस फिल्म पर शूटिंग के दिनों से विरोध के स्वर उठते रहे हैं. फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा के बाद से यह विरोध और भी तेज हो गया. राजस्थान की राजपूत करणी सेना ने इस फिल्म का काफी विरोध किया और देशभर में दीपिका पादुकोण और निर्देशक संजय लीला भंसाली के पुलते जलाए थे. देशभर में फिल्म की रिलीज का कई संगठन विरोध कर रहे हैं. संगठनों ने भंसाली पर ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है. ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन (बीबीएफसी) ने इस फिल्म को 1 दिसंबर को वहां रिलीज करने की अनुमति दे दी है, लेकिन फिल्म निर्माताओं से जुड़े करीबी सूत्रों का कहना है कि यह फिल्म एक दिसंबर को कहीं भी रिलीज नहीं होगी. Viacom18 की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि 'हम भारतीय सेंसर बोर्ड की मंजूरी का इंतजार करेंगे. उसके बाद ही फिल्म रिलीज की जाएगी.'
यह फिल्म 1 दिसंबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड के इसे पास न करने के बाद इस फिल्म की रिलीज अनिश्चित काल के लिए टाल दी है. बता दें कि गुजरात और मध्यप्रदेश में इस फिल्म को बैन कर दिया गया है.
'पद्मावती' को लेकर इस बात पर विवाद है कि यह फिल्म राजपूत रानी पद्मावती के बारे में इतिहास से छेड़छाड़ की गई है. 1303 में चित्तौड़ की घेराबंदी होने के दौरान पद्मावती ने अपने समुदाय के सम्मान की रक्षा के लिए जौहर कर लिया था. संजय लीला भंसाली की इस फिल्म में दीपिका पादुकोण रानी पद्मिनी के किरदार में, शाहिद कपूर महारावल रतन सिंह के किरदार में और रणवीर सिंह अलाउद्दीन खिलजी के किरदार में नजर आएंगे.



0 comments:
Post a Comment