उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराया - uttar pradesh civic polls elections result




लखनऊ: उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव नतीजों की तस्वीर अब साफ हो गई है. 16 में से अधिकतर नगर निगमों पर भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम लहराया है. इसके अलावा कई नगर पालिकाओं में भी बीजेपी ने अच्छा प्रदर्शन कर रही है. जीत के बाद यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी के चुनाव सबकी आंखों को खोलने वाला है, जो लोग गुजरात के संदर्भ में बात कर रहे थे उनका खाता भी नहीं खुला है और अमेठी में भी सूपड़ा साफ हुआ है.


जीत के बाद यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निकाय चुनाव में पीएम मोदी के विकास के विजन और अमित शाह की रणनीति की जीत है. योगी बोले कि चुनाव के परिणाम हमें और भी जिम्मेदारी दी है. यूपी के चुनाव सबकी आंखों को खोलने वाला है, जो लोग गुजरात के संदर्भ में बात कर रहे थे उनका खाता भी नहीं खुला है और अमेठी में भी सूपड़ा साफ हुआ है. उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी शत-प्रतिशत नतीजे लाएगी.


कुछ सीटों पर बहुजन समाज पार्टी कड़ी टक्कर दे रही है. अलीगढ़ में बसपा ने जीत दर्ज की है, यहां 22 साल से बीजेपी थी. कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी से बीजेपी ने बाजी मारी है. अमेठी नगर पंचायत में बीजेपी प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है.

अयोध्या में बीजेपी प्रत्याशी जीत गए हैं, तो डिप्टी सीएम केशव मौर्य के गृह पंचायत में ही बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा है. इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने भी उत्तर प्रदेश में अपना खाता खोल दिया है, बिजनौर की सहसपुर नगर पंचायत से आप उम्मीदवार जीती हैं.


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने इलाके में ही झटका लगा है. योगी आदित्यनाथ का गोरखपुर मंदिर जिस वार्ड नंबर 68 में है, वहां बीजेपी हारी है. नतीजों के मुताबिक, नादिरा खातून ने बीजेपी को पटकनी दी. नादिरा ने बीजेपी प्रत्याशी माया त्रिपाठी को 483 वोटों से हराया है. गोरखपुर में बीजेपी ने कुल 27 वार्डों पर बाजी मारी है, सपा 18, बसपा 2, कांग्रेस 2 और निर्दलीय ने 18 वार्डों पर बाजी मारी है.


जीत दर्ज करने के बाद प्रेस कांफ्रेंस कर BJP प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाडेंय ने कहा कि बीजेपी ने अपना 2014 लोकसभा, 2017 विधानसभा जैसी जीत का प्रदर्शन अभी भी दोहराया है. हम 16 में से 15 नगर निगमों, 100 नगर पालिकाओं, लगभग 4000 वार्डों पर जीत की ओर बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा इस जीत का श्रेय पीएम मोदी, सीएम योगी और अमित शाह के नेतृत्व को जाता है.


कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में भारतीय जनता पार्टी ने परचम लहराया है. अमेठी नगर पंचायत है, यहां बीजेपी की चंद्रमा देवी ने 1035 वोटों से जीत दर्ज की है. अमेठी के अलावा सुल्तानपुर नगर पालिका में भी बीजेपी ने जीत दर्ज की है. बीजेपी प्रत्याशी बबिता जायसवाल ने सपा प्रत्याशी निर्मला पांडेय को 5413 मतों से पराजित किया.



पूरे प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन कर रही भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है. राज्य के उपमुख्यमंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य के गृहनगर पंचायत सिराथू में बीजेपी हार गई है. यहां निर्दलीय प्रत्याशी भोला यादव 1633 मतों से जीते हैं, बीजेपी के प्रशांत केसरी को हार का सामना करना पड़ा है.


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निकाय चुनावों के लिए प्रचार की शुरुआत अयोध्या से ही की थी. अयोध्या में बीजेपी की जीत हुई है, बीजेपी प्रत्याशी ने ऋषिकेश उपाध्याय ने भारी मतों से जीत दर्ज की. आपको बता दें कि अयोध्या पहली बार नगर निगम बना है. पिछले कुछ दिनों से अयोध्या एक बार फिर देश की राजनीति के केंद्र में था. योगी का अयोध्या में भव्य दिवाली मनाना, उसके बाद श्री श्री रविशंकर के राम मंदिर मुद्दे पर मध्यस्थता करना और बार-बार अयोध्या आने से राजनीति गर्म हुई है.


दिल्ली की सत्ता में विराजमान आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की क्षेत्रीय राजनीति में अपना खाता खोल लिया है. बिजनौर की सहसपुर नगर पंचायत से आप उम्मीदवार हुमा खान ने बाजी मारी है. हुमा खान ने सपा की उम्मीदवार को हराया है.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment