दिल्ली: 21 फरवरी की रात दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश से मारपीट मामले में अब दिल्ली सरकार सुलह का रास्ता निकालने के मूड में दिख रही है. इसी क्रम में आज दिल्ली सरकार के IAS, DANICS और DASS के सभी अधिकारी यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की आज एक अहम बैठक करने जा रहे हैं.
दिल्ली सचिवालय में सुबह 11 बजे ये बैठक होनी है. बैठक में सभी अधिकारी दिल्ली सरकार के प्रस्ताव पर विचार करेंगे. दिल्ली सरकार ने अधिकारियों को प्रस्ताव दिया था कि आइये, बैठकर बात करें और मामला सुलझाएं. बीते शुक्रवार को भी एलजी से मिलने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अफसरों से बात करने की बात कही थी.
दिल्ली सरकार की ओर से अफसरों से बात करने की जिम्मेदारी केजरीवाल के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम को सौंपी गई है. राजेंद्र अधिकारियों से बातचीत में मध्यस्थता की भूमिका निभाएंगे.
बीते शनिवार को दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर इस पूरे मामले की रिपोर्ट सौंपी थी.
21 फरवरी को मुख्यसचिव से पिटाई के बाद से दिल्ली सरकार और ब्यूरोक्रेसी में तलवारें खिंच गई हैं. दिल्ली से सारे अफसर सरकार के खिलाफ लामबंद हो गए हैं. इस मामले में बीते 6 दिनों में दिल्ली सरकार को काफी विरोध झेलना पड़ रहा है. जहां अफसरों की लामबंदी से दिल्ली का सारा काम बीते 6 दिनों से प्रभावित हो रहा, वहीं दिल्ली पुलिस लगातार विधायकों पर शिकंजा कसती जा रही है.
21 फरवरी की रात का सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री के घर तक सर्च ऑपरेशन चला चुकी है. आज से आप से 9 विधायकों से दिल्ली पुलिस पूछताछ करेगी. मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री तक से पूछताछ हो सकती है.



0 comments:
Post a Comment