कहां गई नीतीश कुमार की अंतर आत्मा: तेजस्वी यादव - muzaffarpur hit and run case rjd protest outside at bihar assembly





पटनाः पिछले शनिवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक तेज बेकाबू बोलेरो के स्कूल में घुसने के बाद हुई 9 बच्चों की मौत पर सियासत गर्मा गई है. नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा है, इस मामवे पर ना तो प्रदेश के सीएम और ना ही सुशील मोदी ने माफी मांगी हैं. सरकार इस मामले को कालीन के नीचे दबाने की जुगत में लगी हुई है. आगे बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, अब नीतीश कुमार की अंतर-आत्मा कहां गई?


बिहार पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि इस मामले के मुख्य आरोपी मनोज को अभी तक हिरासत में लिय़ा गया या नहीं इस बात का पता अभी तक नहीं चल पाया है. उन्होंने कहा कि इस बात की जानकारी सारे जहान को हो चुकी है, लेकिन सिर्फ प्रशासनिक अधिकारी ही इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि उसने आत्मसमर्पण किया है या उसकी गिरफ्तारी हुई है.



तेजस्वी यादव के विपक्ष को निशाना बनाए जानें से पहले उनकी मां और राजद की वरिष्ठ नेता राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश कुमार पर प्रहार करते हुए कहा, 'सरकार को शर्म आनी चाहिए. शराब पर पूरी तरह बैन नहीं है और अभी भी यह आसानी से मिलती है. जब तक मनोज बैठा को गिरफ्तार नहीं किया जाता हम विधानसभा चलने नहीं देंगे.'



प्रदेश में गिरती कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध के खिलाफ सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायकों ने बिहार राजभवन मार्च किया और राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में राजद के विधायकों, विधान पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने विधानसभा से राजभवन तक पैदल मार्च किया. राजभवन पहुंचकर राजद का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल सत्यपाल मलिक से मिला और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे तेजस्वी प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा कि जुलाई 2017 से पहले के आंकड़े और उसके बाद के आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि भाजपा-जद (यू) के नेताओं ने प्रशासनिक अमले के माध्यम से बर्बरता की घटनाओं को अंजाम दिया है.


मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर क्षेत्र में शनिवार(24 फरवरी) को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आने से नौ स्कूली बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि 15 से ज्यादा बच्चे घायल हो गए थे. हादसे के बाद पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा था कि धर्मपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय से छुट्टी के समय सभी बच्चे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-77 पार करके वापस अपने घर जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने इन बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया. 
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment