आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप के पदक तालिका में सबसे ऊपर है भारत - issf junior world cup india reaches at top





सिडनी : मुस्कान ने महिलाओं की 25 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीत लिया जिससे आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में भारत ने पदक तालिका में चीन को दूसरे नंबर पर धकेल दिया. भारत की 16 बरस की मुस्कान ने चीन की किन सिहांग और थाईलैंड की कन्याकोर्न हिरूनफोएम को हराकर पीला तमगा हासिल किया. टीम वर्ग में भी मुस्कान, मनु भाकर ओर देवयांशी राणा को स्वर्ण पदक मिला.

भारत ने नौ स्वर्ण समेत 22 पदक जीतकर तालिका में पहला स्थान हासिल किया. भारत को पांच रजत और आठ कांस्य पदक मिले. वहीं चीन ने आठ स्वर्ण पदक जीते. जबकि इस टूर्नामेंट को खत्म होने के सिर्फ एक दिन पहले तक भारत के हिस्से 18 पदक थे, जिसमें से सात स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य पदक थे. चीन 22 पदकों के साथ पहले स्थान पर था.


मुस्कान का पदक भारत का चौथा व्यक्तिगत पदक था. पिछले साल वह इस चैम्पियनशिप में चौथे स्थान पर रही थी. उसने छठे दौर में बढत बनाकर परफेक्ट पांच का स्कोर किया. मनु भाकर इस वर्ग में चौथे स्थान पर रही. अरूणिमा गौर सातवें स्थान पर रही.



टीम वर्ग में भारत की मुस्कान, मनु और राणा ने स्वर्ण जीता जबकि रजत भी भारत की गौर, महिमा अग्रवाल और तनु रावल को मिला. थाईलैंड की टीम को कांस्य पदक मिला. पुरूषों की जूनियर स्कीट स्पर्धा में भारत के अनंतजीत सिंह नरूला, आयुष रूद्रराजू और गुरनिलाल सिंह ने रजत पदक जीता.


गौरतलब है कि मनु भाकर और अनमोल जैन ने मंगलवार को ही जूनियर निशानेबाजी विश्व कप की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. 19 साल के अनमोल और 16 साल की मनु इस जोड़ी ने कुल 478.9 अंकों के साथ सोना हासिल किया. हालांकि यह जोड़ी 1.8 अंकों से विश्व रिकार्ड से चूक गई. इससे पहले अनमोल और मनु ने 770 अंकों के साथ नया जूनियर क्वालिफिकेशन विश्व रिकार्ड बनाया था.

इसके अलावा भारत ने मंगलवार को दो और कांस्य पदक जीते. गनेमत सेखोन ने महिलाओं की स्कीट स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया. वहीं श्रेया अग्रवाल और अर्जुन बाबुता ने 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया. गनेमत ने 50 में से 36 पर निशाना लगाते हुए कांसा जीता. इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक आस्ट्रेलिया की एसलिन जोंस के नाम गया. उन्होंने 60 में से 51 का स्कोर हासिल करते हुए विश्व रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. चीन की ची युफेई ने रजत पदक जीता.


10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में श्रेया और अर्जुन ने तीसरा स्थान हासिल किया. इन दोनों ने 432.8 का स्कोर किया. इन दोनों ने भारत के ही इलावेनिल वालारिवियान और तेजस कृष्णा प्रसाद की जोड़ी को मात दी जो चौथे स्थान पर रहे. चीन की लियू युकी और झु यिंगजेई ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. इस जोड़ी ने 496.2 अंक हासिल किए.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment