तमिलनाडु में कावेरी मैनेजमेंट बोर्ड बनाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राजनीतिक, सामाजिक और छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया है. गुरुवार को तमिलनाडु पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे का विपक्षी पार्टियों ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया.
नई दिल्ली से एक विशेष विमान से चेन्नई पहुंचे मोदी का हवाईअड्डे पर केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, पोन राधाकृष्षण, राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित, मुख्यमंत्री ई.पलनीस्वामी, उपमुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम और मुख्य सचिव गिरिजा वैद्यनाथन ने स्वागत किया. चेन्नई में लोगों ने नरेंद्र मोदी के विरोध में काले गुब्बारे उड़ाए, जिस पर मोदी गो बैक के नारे लिखे हुए थे.
एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि हो सकता है कि मोदी एयरपोर्ट से सीधे डिफेंस एक्सपो चले जाएं तो ये विरोध प्रदर्शन उन्हें नहीं दिखेगा. लेकिन वे ये काले गुब्बारे देख सकते हैं, जो चीख-चीख कर तमिल जनता की मांग को गुंजायमान बना रहे हैं.
इस बीच द्रमुक सहित विपक्षी पार्टियों ने काले झंडे दिखाकर मोदी की इस यात्रा का विरोध किया. प्रदर्शनकारियों ने कावेरी प्रबंधन बोर्ड (सीएमबी) और कावेरी जल नियामक समिति (सीडब्ल्यूआरसी) गठित करने में नाकाम रहने पर केंद्र सरकार की निंदा करने के लिए ऐसा किया. द्रमुक नेता एम. करुणानिधि ने विरोध के समर्थन में काले रंग की पोशाक पहनी और जनता के सामने आए. उनकी एक फोटो मीडिया में जारी की गई है.



0 comments:
Post a Comment