श्रीनगर , ( भाषा ) कानून - व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियाती प्रावधानों के तहत कश्मीर के पुलवामा और कंगन में आज पाबंदी लगाई गयी जबकि घाटी में अन्य जगहों पर आम - जनजीवन सामान्य रहा।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों के साथ कल मुठभेड़ में एक आतंकी के मारे जाने के बाद प्रदर्शनों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 के तहत आज सुबह पुलवामा में पाबंदी लगायी गयी । एक युवक के मारे जाने की पृष्ठभूमि में चौथे दिन कंगन और गंदेरबल जिले में पाबंदी जारी रही ।
सोमवार को कंगन इलाके में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ में गौहर अहमद राठेड़ घायल हो गया था और एक दिन बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गयी ।
रविवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां और अनंतनाग जिले में तीन अलग-अलग मुठभेड़ के दौरान 13 आतंकियों और चार नागरिकों के मारे जाने के बाद घाटी के कई हिस्से में प्रदर्शन हुए थे।
विभिन्न कॉलेजों में प्रदर्शन और कारोबारी संगठनों की हड़ताल के कारण प्रशासन ने कल घाटी के विभिन्न हिस्से में पाबंदी लगायी थी ।
हालांकि, आज सुबह कंगन और पुलवामा को छोड़कर घाटी में जनजीवन सामान्य रहा। दुकानें और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठान खुले और सार्वजनिक परिवहन आम दिनों की तरह सामान्य रहा।
घाटी में अधिकतर स्कूल आज खुले वहीं उच्च माध्यमिक शिक्षा संस्थान और कॉलेज बंद रहे।



0 comments:
Post a Comment