विकास के उद्देश्य से 21 लाख रुपए के प्रत्येक ग्राम में कराए जाएंगे कार्य।
गाजियाबाद, ( सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो ) मुख्य विकास अधिकारी रमेश रंजन की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना पी0एम0ए0जी0वाई0 के जनपद गजिआबाद में सफल क्रियान्वयन के लिये संबंधित विभागों से आए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई।
इस योजना के अंतर्गत जनपद में अनुसूचित जाति सब प्लान के अंतर्गत सभी नागरिकों की सामाजिक सुरक्षा विशेषकर अनुसूचित जाति के लिए आय व अन्य असमानताओं को कम करते हुए उनके सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं न्यूनतम आवश्यकताओं की पूर्ति के उद्देश्य से वर्ष 2011 की जनगणना एवं क्षेत्र दृष्टिकोण के आधार पर 50ः से अधिक अनुसूचित जाति आबादी वाले ग्रामों में निवासरत अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को समान आदमी के समकक्ष लाने के उद्देश्य से केंद्र प्रयोजित प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत जनपद गाजियाबाद से चयनित 11 ग्रामों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना अंतर्गत पूर्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जो विकास के कार्य अधूरे रह गए थे, उसकी गैप फिलिंग का काम किया जाना है। जनपद में रजापुर से 4 गांव, मुरादनगर से 4 गांव, भोजपुर से 2 गांव एवं लोनी से 1 गांव मिलाकर कुल 11 गांव चयनित किए गए हैं। बैठक में उक्त योजना के उद्देश्य, क्रियान्वयन एवं निगरानी योग्य संकेतों से अवगत कराया गया। उक्त योजना के अंतर्गत चयनित 11 ग्रामों में निगरानी योग 10 संकेतक निर्धारित किए गए हैं, जिसमें पेयजल और स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण सड़कें एवं आवास, विद्युत और स्वच्छ ईंधन, कृषि पद्धतियां आदि, वित्तीय समावेशन, डिजिटलीकरण एवं जीवन यापन और कौशल विकास सम्मिलित हैं।
योजना अंतर्गत ग्राम स्तरीय समितियों का गठन किया गया है, जो ग्राम स्तर पर अपने स्तर से सभी विभागों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित प्रारूप पर आधारभूत डाटा नोडल विभाग समाज कल्याण को उपलब्ध कराएगा। इस डेटा की फीडिंग होने के उपरांत जो अपूर्ण गैप फिलिंग के कार्य रह गए हैं, उनके लिए प्रत्येक गांव को नियम अनुसार 21 लाख तक का बजट उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित करते हुए कहा कि सर्वेक्षण का कार्य कावड़ यात्रा खत्म होते ही 8 अगस्त तक समाज कल्याण विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों की देखरेख में ग्राम स्तर पर पूर्ण कराया जाएगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना पूर्ण करने हेतु 1 से 2 साल का समय लगेगा ताकि सभी ग्राम वासियों का सामाजिक, आर्थिक एवं समान रूप से विकास संभव हो सके।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं अन्य विभागों से आए अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे। राकेश चैहान जिला सूचना अधिकारी गाजियाबाद।



0 comments:
Post a Comment