- केवाईएस अमेरिका में नस्लवाद व सामाजिक भेदभाव के खिलाफ चल रहे आन्दोलन का करता है पुरजोर समर्थन
- केवाईएस अमेरिका में जन-आन्दोलनों पर किये जा रहे पुलिसिया दमन को रोकने व बिना शर्त सभी आन्दोलनकारियों को रिहा करने की करता है माँग
सर्वोदय शांतिदूत ब्यूरो
नई दिल्ली। क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) अमेरिकी अश्वेत नागरिक की निर्मम हत्या की कड़ी भर्त्सना करता है। ज्ञात हो कि 25 मई को अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस हिरासत में हत्या कर दी गयी थी। घटना के कई वीडियो सामने आए जिसमें देखा गया कि एक पुलिसकर्मी लगभग 9 मिनट तक जॉर्ज के गले को घुटने से दबाये हुए है। जॉर्ज यह कहते-कहते बेहोश हो गए कि ‘ मैं सांस नहीं ले पा रहा हूं, ’ लेकिन आरोपी पुलिस ऑफिसर डेरेक शॉविन को तरस नहीं आया। जॉर्ज की मौत के बाद लोग पुलिस के इस रंगभेदी और नस्लवादी अत्याचार के खिलाफ सड़कों पर हैं। अमेरिका के लगभग सभी राज्यों में जॉर्ज के लिए न्याय की मांग उठ रही है। लेकिन अमेरिका के अलग-अलग राज्यों में नस्लवाद और सामजिक भेदभाव के खिलाफ हो रहे आन्दोलनों को पुलिस की मदद से कुचलने की कोशिश की जा रही है। आन्दोलनकारियों पर लाठी, वाटर कैनन, आंसू गैस, रबड़ की गोलियां चलाई जा रही है। पुलिसिया दमन के चलते लगभग 5 से अधिक लागों की मौत हो चुकी है और लगभग 4000 से ज्यादा आन्दोलनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आन्दोलनकारियों को धमकी देते हुए यहाँ तक कह दिया है कि आंदोलनों के न रुकने की स्थिति में वह हथियारों से लैस सेना को उतार देंगे।
अमेरिका में जॉर्ज की मौत के बाद रंगभेद के खिलाफ उभरे जन-आन्दोलनों का केवाईएस पुरजोर समर्थन करता है व जन-आन्दोलनों और अनादोलनकारियों पर हो रहे पुलिसिया दमन की कड़ी भर्त्सना करता है। केवाईएस अमेरिकी राष्ट्रपति के उस बयान की भी कड़ी आलोचना करता है जिसमें अमेरिकी सेना को उतारने की बात कही गयी थी। इसके साथ ही केवाईएस जॉर्ज फ्लॉयड की मौत की निष्पक्ष जाँच व बिना शर्त सभी गिरफ्तार आन्दोलनकारियों को रिहा करने की मांग करता है।



0 comments:
Post a Comment