मुंबई। देश के सबसे बड़े वाणिज्यिक बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में उसके 5 अनुषंगी बैंकों और महिला बैंक के विलय को मंजूरी मिलने से उसके शेयरों में हुई दमदार लिवाली की बदौलत बीते सप्ताह बाजार पूंजीकरण (एमकैप) में 8 महीने बाद उसने बीएसई की शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में वापसी कर ली है।
एसबीआई का एमकैप 11 दिसंबर 2015 को समाप्त सप्ताह में 1,87,044.11 करोड़ रुपए के मुकाबले 10,751.44 करोड़ रुपए लुढ़ककर 1,76,292.67 करोड़ रुपए पर आने से वह शीर्ष 10 की सूची से बाहर निकल गया, लेकिन 33 सप्ताह से अधिक की अवधि के बाद 19 अगस्त 2016 को समाप्त सप्ताह में बाजार पूंजीकरण 1,80,717.45 करोड़ रुपए की तुलना में सर्वाधिक 19,950.34 करोड़ रुपए उछलकर 2,00,667.79 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। वहीं देश की सबसे बड़ी फार्मा कंपनी सन फार्मा की बाजार पूंजी 4596.79 करोड़ रुपए की गिरावट लेकर 188371.95 करोड़ रुपए रह गई और यह शीर्ष 10 से बाहर हो गई।
बीते सप्ताह हालांकि शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण बीएसई की शीर्ष 10 में से 7 कंपनियों के संयुक्त बाजार पूंजीकरण में 52,297.7 करोड़ रुपए की गिरावट दर्ज की गई जबकि शेष 3 के एमकैप में 31,735.78 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई।
इस दौरान तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजार पूंजीकरण में 7571.61 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी लेकर पहले के 9वें पायदान से ऊपर चढ़कर 8वें स्थान पर पहुंच गई। इसका एमकैप 1,99,428.47 करोड़ रुपए से बढ़कर 2,07,000.08 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
इस दौरान सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की देश की सबसे बड़ी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण 25,300.3 करोड़ रुपए कम होकर 5,13,089.58 करोड़ रुपए, रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) का 6,518.33 करोड़ रुपए घटकर 3,29,110.82 करोड़ रुपए, आईटीसी का 3,022.61 करोड़ उतरकर 3,03,530.26 करोड़ रुपए, इंफोसिस का 9,693.11 करोड़ रुपए नीचे 2,34,541.02 करोड़ रुपए और एचडीएफसी का 1,358.41 करोड़ रुपए घटकर 2,16,742.43 करोड़ रुपए पर आ गया।
दुनिया की सबसे बड़ी कोयला खनन कंपनी कोल इंडिया (सीआईएल) का एमकैप 2,368.63 करोड़ रुपए और हिन्दुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) का 4,036.31 करोड़ रुपए लुढ़ककर क्रमश: 2,11,092.90 करोड़ रुपए और 1,97,379.21 करोड़ रुपए रह गया। वहीं एचडीएफसी बैंक के बाजार पूंजीकरण में 4,213.83 करोड़ रुपए इजाफा हुआ और यह बढ़कर 3,16,024.40 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।
बाजार पूंजीकरण में टीसीएस का दबदबा कायम रहा। इसके बाद आरआईएल, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, इंफोसिस, एचडीएफसी लाइफ, सीआईएल, ओएनजीसी, एसबीआई और एचयूएल का स्थान रहा। (वार्ता)



0 comments:
Post a Comment