नीतीश कुमार ने की देशव्यापी शराबबंदी की वकालत - Alcohol and nitish kumar

नर्मदा बचाओ आंदोलन में शामिल होने मध्यप्रदेश आये बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने देशव्यापी शराबबंदी की वकालत करते हुए शुक्रवार को मध्यप्रदेश के बड़वानी में शराबबंदी रैली का शुभारंभ किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा, 'शराब पर राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए. इसके साथ ही मध्यप्रदेश को मद्य प्रदेश बनने से रोकना चाहिए.'

उन्होंने कहा, 'मैं यहां जल, जंगल और जमीन के लिए आपको समर्थन देने आया हूं. यहां की जमीन बहुत उपजाऊ है. यहां की सघन खेती और मेहनती लोगों को देखकर मैं खुश हूं.'

जनता दल (यूनाटेड) के अध्यक्ष ने कहा कि हम धरती पर पर्यावरण के साथ छेड़छाड़ न करें. यह गुनाह है. कोई भी बांध, बैराज बनाए तो पर्यावरण का ध्यान रखा जाना चाहिए. सभी का समुचित पुनर्वास किया जाना चाहिए ताकि विस्थापित अपना परिवार पाल सकें.

उन्होंने कहा, 'मैं पटना से यहां नर्मदा किनारे आपके आंदोलन को समर्थन देने आया हूं.' एनबीए इस इलाके में नर्मदा पर बांध बनाए जाने को लेकर लम्बे समय से विरोध कर रहा है तथा बांध विस्थापितों को उचित मुआवजा नहीं मिलने को लेकर एनबीए ने मप्र हाईकोर्ट में आरोप लगाया है.

नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बड़वानी में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशाबंदी रैली का शुभारंभ किया. यह रैली प्रदेश के 25 जिलों से होती हुई 28 सितम्बर को कटनी में समाप्त होगी.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment