अयोध्या में 'गांधी परिवार'- Rahul Gandhi Visit Of Up

करीब 26 वर्ष बाद गांधी परिवार का कोई सदस्य अयोध्या आएगा। वर्ष 1990 में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी सद्भावना यात्रा लेकर रामनगरी आए थे लेकिन हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन का उनका कार्यक्रम अंतिम समय में निरस्त हो गया था। अब किसान यात्रा लेकर आ रहे उनके पुत्र कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को अयोध्या में हनुमानगढ़ी जाएंगे और दर्शन-पूजन भी करेंगे।
इस दौरान राहुल गांधी फैजाबाद, अयोध्या व अंबेडकरनगर यात्रा के दौरान पूरे देश को सौहार्द का संदेश देंगे। शुक्रवार की सुबह वह अयोध्या में हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन-पूजन करेंगे। शाम को अंबेडकरनगर प्रवास के दौरान किछौछा दरगाह शरीफ में जाकर जियारत करेंगे। सुबह मंदिर और शाम को दरगाह की यात्रा से हिन्दू व मुस्लिम समुदाय में भाईचारे का संदेश देने की मंशा है।
फैजाबाद प्रवास के दौरान राहुल गांधी हलधारी किसान के रूप में भी नजर आएंगे। यहां पूराबाजार के रामलीला मैदान में किसानों से मुलाकात के दौरान उनके सिर पर साफा बांध कर किसान की ओर से हल भेंट किया जाएगा। इसी रामलीला मैदान के समीप एक दलित बस्ती में भी राहुल गांधी कुछ वक्त दलितों के बीच बिताएंगे।
राहुल गांधी की अयोध्या यात्रा और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के खास मायने हैं। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री बताते हैं कि स्वर्गीय गांधी को हनुमानगढ़ी जाना था लेकिन यात्रा के दौरान देर होने की वजह से अंधेरा छाने लगा।
ऐसे में फैजाबाद हवाईपट्टी से विमान के उड़ान भरने में दिक्कत की आशंका के चलते हनुमानगढ़ी दर्शन का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया था। तब स्वर्गीय राजीव गांधी बाहर से ही हनुमंत लला को प्रणाम कर हवाईपट्टी के लिए रवाना हो गए थे। अब 26 वर्ष बाद उनके पुत्र राहुल गांधी अयोध्या आ रहे हैं और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन भी करेंगे।
 
 
 
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment