पाकिस्तान के झूठे प्रोपेगेंडा पर भरोसा क्यों कर रहे हैं केजरीवाल - Arvind kejriwal over surgical strikes in pakistan

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर केजरीवाल के बयान पर अब बीजेपी ने वार किया है. बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि 'क्या अरविंद केजरीवाल सेना की कार्रवाई पर भरोसा करते हैं, अगर हां तो वे पाकिस्तान के झूठे प्रोपेगेंडा पर भरोसा क्यों कर रहे हैं.'

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि 'केजरीवाल जी ने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत की बात कर सेना की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं. संकट के समय देश एक स्वर में बोलता है. राजनीति अपनी जगह है. पाकिस्तान की बात पर एक सीएम सबूत मांग रहे हैं. आज केजरीवाल पाकिस्तान के अखबार की हेडलाइन हैं. उनकी बात से पाकिस्तान को भारत पर सवाल उठाने का मौका मिल रहा है.'

हालांकि रविशंकर प्रसाद ने इससे पहले यह भी कहा कि 'केजरीवाल जी ने पीएम को सैल्यूट किया, इसके लिए उनका धन्यवाद.' बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान को सबूत दिखाने के लिए कहा था.

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि अगर विश्वास है तो आप (केजरीवाल) पाकिस्तान के झूठे प्रॉपेगेंडा से प्रभावित क्यों हो रहे हैं ? रविशंकर प्रसाद ने पी चिदंबरम को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि वह भी सर्जिकल स्ट्राइक करने की हमारे जवानों की क्षमता पर सवाल उठाने वालों की कतार में शामिल हो गए हैं.

गौरतलब है कि पाकिस्तान दिल्ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल के वीडियो के माध्‍यम से भारत को घेरने की कोशिश कर रहा है. आज पाकिस्तानी मीडिया ने केजरीवाल के वीडियो में कही गई बात का उल्लेख करते हुए उन्हें हीरो के तौर पर पेश किया है. पाकिस्तानी मीडिया ने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत सामने लाने की केजरीवाल की मांग को प्रमुखता दी है.

कल अपने वीडियो में केजरीवाल ने भारतीय सेना के सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए सबूत सामने लाने की मांग की है ताकि पाकिस्तान के द्वारा फैलाए जा रहे झूठ को बेनकाब किया जा सके क्योंकि पाकिस्तान इस बात को मानने को तैयार नहीं है कि पीओके में भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment