भुवनेश्वर के पंजे से न्यूजीलैंड घुटनों पर Bhubaneswar, New Zealand from the claws at the knees

कोलकाता, (वार्ता) स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुये 33 रन पर 5 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को दूसरे क्रिकेट टैस्ट के दूसरे दिन शनिवार को ईडन गार्डन मैदान पर घुटनों के बल ला दिया और भारत की स्थिति मजबूत कर दी। भुवनेश्वर के घातक प्रदर्शन के सामने न्यूजीलैंड ने वर्षा बाधित दूसरे दिन अपने 7 विकेट मात्र 128 रन पर गंवा दिये। न्यूजीलैंड अभी भारत के 316 रन के स्कोर से 188 रन पीछे है जबकि उसके तीन विकेट शेष हैं। भुवनेश्वर ने 10 ओवर में 33 रन देकर पांच विकेट झटके और इस मैच में उन्हें उमेश यादव की जगह टीम में शामिल करने के फैसले को सार्थक कर दिया।
भारत ने सुबह 7 विकेट पर 239 रन से आगे खेलना शुरू किया और विकेटकीपर रिद्धिमान साहा के नाबाद 54 रन की शानदार पारी से 316 रन बनाये। साहा ने 85 गेंदों की अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के लगाये। रविन्द्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने 14-14 रन का उपयोगी योगदान दिया। भारत की पारी लंच से कुछ पहले समाप्त हुई।
26 वर्षीय भुवनेश्वर ने अपने करियर में चौथी बार एक पारी में 5 विकेट हासिल किये। उन्होंने गेंद को विकेट के दोनों तरफ ङ्क्षस्वग कराते हुये कीवी बल्लेबाजों को गलतियां करने के लिये मजबूर कर दिया। भुवनेश्वर ने मार्टिन गुप्तिल (13), हेनरी निकोल्स (एक), कप्तान रॉस टेलर (36), मिशेल सेंटनेर (11) और मैट हेनरी (शून्य) के विकेट झटके। मोहम्मद शमी ने ओपनर टॉम लाथम (एक) को आउट किया जबकि लेफ्ट आर्म स्पिनर जडेजा ने ल्यूक रोंची (35) का विकेट लिया। कीवी पारी में कप्तान टेलर ने 80 गेंदों पर 36 रन में पांच चौके लगाये। रोंची ने 52 गेंदों पर 35 रन में पांच चौके और एक छक्का लगाया।
भारतीय पारी को सुबह लंच से पहले समेटने के बाद न्यूजीलैंड को लंच तक जाते जाते दो झटके लग गये। टॉम लाथम को शमी ने दूसरे ओवर में पगबाधा किया जबकि भुवनेश्वर की एक उठती हुई गेंद पर गुप्तिल अपना हाथ नहीं हटा सके और गेंद कोहनी से टकराकर स्टम्प्स में घुस गयी। लंच के समय न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 21 रन था। लंच के बाद भुवनेश्वर ने निकोल्स को भी बोल्ड कर दिया। न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट 23 के स्कोर पर गिरा।
टेलर और रोंची ने चौथे विकेट के लिये 62 रन की साझेदारी कर स्थिति को संभालने की कोशिश की लेकिन रोंची को जडेजा ने पगबाधा कर दिया। रोंची के आउट होते ही बारिश आ गयी और खेल रोक देना पड़ा। फिर चाय भी उसी समय ले लिया गया।
चायकाल के समय तक न्यूजीलैंड की पारी में 24.4 ओवर हुये थे। बारिश थमने के बाद खेल जब शुरू हुआ तो मेहमान टीम ने फिर जल्दी जल्दी तीन विकेट गंवा दिये।
चायकाल के बाद खेल शुरू हुआ तो टेलर ने सेंटनर के साथ मिलकर कीवी पारी को 100 के पार पहुंचा दिया। टेलर भारतीय उम्मीदों के लिये खतरनाक साबित होते कि इससे पहले भुवनेश्वर ने टेलर को पहली स्लिप में मुरली विजय के हाथों कैच करा दिया। न्यूजीलैंड का पांचवां विकेट 104 के स्कोर पर गिरा। भुवनेश्वर ने 33वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर सेंटनर को पगबाधा करने के बाद हेनरी को बोल्ड कर अपने पांच विकेट पूरे कर लिये।
न्यूजीलैंड की पारी का 34वां ओवर समाप्त होते ही दिन का खेल भी घोषित कर दिया गया। वर्षा प्रभावित दूसरे दिन कुल 52.5 ओवर का खेल ही संभव हो सका। लेकिन न्यूजीलैंड की पारी के 34 ओवर में ही भारतीय गेंदबाजों ने मेहमान टीम को करारे झटके देकर उसे संकट में डाल दिया।
पहले टैस्ट में 10 विकेट लेने वाले ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को ज्यादा गेंदबाजी नहीं मिली और उन्होंने सिर्फ 5 ओवर ही डाले। अश्विन के गेंदबाजी हाथ की उंगली में चोट है लेकिन उनकी गेंदबाजी की कमी को भुवनेश्वर ने पूरा किया जिन्हें इस मैच में उमेश यादव की जगह अंतिम एकादश में जगह मिली। भारत की पूरी कोशिश तीसरे दिन कीवी पारी को जल्दी समेटकर भारी बढ़त हासिल करने की रहेगी ताकि वह अपनी दूसरी पारी में एक अच्छा स्कोर बनाकर न्यूजीलैंड के सामने चौथी पारी में बड़ा लक्ष्य रख सकें।
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment