पटना-लखीसराय, (भाषा) बिहार के लखीसराय जिले के कजरा थाना अन्तर्गत पहाडी इलाके से पुलिस ने दिल्ली के एक व्यवसायी बाबूलाल शर्मा के गत 22 अक्टूबर को अपहृत दोनों पुत्रों को आज प्रात: बरामद कर लिया।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सीआरपीएफ और पटना तथा लखीसराय पुलिस के संयुक्त अभियान में बाबुलाल शर्मा के दोनों पुत्र सुरेशचन्द्र शर्मा एवं कपिल शर्मा को पहाडी इलाके से बरामद किया। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ की टीम ने लखीसराय के उक्त जंगली इलाके में बीते मध्य रात्रि टार्च के सहारे तलाशी अभियान शुरू किया और दोनों अपहृत को बरामद कर लिया।
अपर पुलिस महानिदेशक :मुख्यालय: सुनील कुमार ने आज पटना में इसबारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस सिलसिले में पांच अपहरणकर्ताओं को दोनों भाईयों को बरामद किए जाने वाले स्थल से गिरफ्तार किया गया है तथा कुछ अन्य फरार हो गए जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पुलिस की इस उपलब्धि की सराहना की है, जो कि पडोसी राज्य झारखंड के देवघर और दुमका की यात्रा पर हैं।
लखीसराय के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि दोनों भाईयों को बरामद किए जाने वाले स्थल से एक रिवाल्वर, चार पिस्टल, 15 कारतूस और एक थले से कुछ खाद्य पदार्थ और नशीली दवाएं बरामद किए गए।
उल्लेखनीय है कि इन दोनों भाईयों को गत 22 अक्तूबर को एक वाणिज्यिक उडान से पटना स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें अज्ञात लोगों ने अपहृत कर लिया था।



0 comments:
Post a Comment