पुणे: भाजपा पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि भूलने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के उलट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पूर्ववर्तियों द्वारा किये गए अच्छे कार्य को हमेशा स्वीकार किया है। जावड़ेकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद वल्लभभाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस और लाल बहादुर शास्त्री जैसे नेताओं को याद नहीं किया। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल ‘गांधी परिवार’ को जानती है।उन्होंने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘कांग्रेस कई वषरें तक सत्ता में रही लेकिन उसने पटेल, बोस और शास्त्री को याद नहीं किया और उनके योगदानों की प्रशंसा नहीं की। कारण यह है कि कांग्रेस के लिए एक ही परिवार है।’’ उन्होंने कहा, ‘मैं जब भी देश के विभिन्न हिस्सों में जाता हूं मैं संस्थान एवं परियोजनाएं एक ही परिवार के नाम पर देखता हूं..वह है गांधी परिवार। 842 से अधिक संस्थान, इकाइयां, परियोजनाएं और योजनाएं हैं जिनका नामकरण एक परिवार के नाम पर किया गया है।’
जावड़ेकर ने सवाल किया, ‘पटेल, बोस या भगत सिंह के नाम पर किसी परियोजना, योजना या संस्थान का नामकरण क्यों नहीं किया गया है? उनकी स्मृति में किसी स्मारक का निर्माण क्यों नहीं किया गया है।’ उन्होंने कहा, ‘लेकिन हम पटेल के स्मारक का निर्माण गुजरात में करेंगे और इन महान नेताओं के प्रयासों की सराहना करते रहेंगे।’ जावड़ेकर ने भारत के प्रथम गृह मंत्री वल्लभभाई पटेल को उनकी 141वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।


0 comments:
Post a Comment