कल होगी बैठक, प्रधानाध्यापकों से मांगी गई रिपोर्ट Meeting tomorrow, the report seeks to Principals

गोपालगंज, ( संवाददाता ) साइकिल तथा पोशाक योजना की राशि वितरण को लेकर शिक्षा विभाग ने कवायद तेज कर दी है। इसको लेकर आगामी तीन नवंबर को जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में प्रधानाध्यापकों को छात्र-छात्राओं की संख्या की रिपोर्ट भी लाने को कहा गया है। इस संबंध में डीपीओ माध्यमिक कपिलदेव तिवारी ने बताया कि छात्र-छात्राओं को पोशाक व साइकिल योजना सहित विभिन्न योजनाओं की राशि देने के लिए तीन नवंबर को जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक डीएवी हाई स्कूल गोपालगंज में होगी। जिसको लेकर प्रधानाध्यापकों से छात्र छात्राओं की 75 प्रतिशत उपस्थिति की रिपोर्ट मांगी गई है। डीपीओ ने बताया कि वर्ग 9 व वर्ग 10 के छात्र-छात्राओं की रिपोर्ट के अनुसार उन्हें विभिन्न योजना का लाभ मिलेगा। योजनाओं का लाभ उन्हीं छात्र छात्राओं को मिलेगा, जिनकी सितंबर माह तक 75 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज होगी। रिपोर्ट में विद्यालय का नाम, छात्र छात्राओं तथा उनके पिता का नाम तथा वर्ग कोटी के साथ साथ खाता नंबर भी मांगा गया है। बैठक में राजकीयकृत हाई स्कूल के साथ साथ उत्क्रमित, मदरसा, संस्कृत सहित वित्तरहित विद्यालय के प्रधानाध्यापक भी शामिल होंगे। रिपोर्ट नहीं देने वाले प्रधानाध्यापक पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment