चीन को 2017 में भारत के साथ बेहतर संबंधों की उम्मीद China hopes for better ties with India in 2017



बीजिंग,  (भाषा) केजेएम वर्मा,  चीन को वर्ष 2017 में परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह :एनएसजी: में प्रवेश तथा संयुक्त राष्ट्र से आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र से प्रतिबंधित कराने के नयी दिल्ली के प्रयास जैसे मुद्दों के समाधान के जरिए भारत के साथ बेहतर संबंधों की उम्मीद है ।

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनिंग ने खत्म हो रहे साल के बीजिंग के अनुभव तथा चीन-भारत के संबंधों के संदर्भ में अगले साल के दृष्टिकोण के बारे में पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘विकास के लिए दोनों देशों के अधिक निकटता वाली भागीदारी की ओर बढ़ने के लक्ष्य के साथ इस साल, चीन-भारत के संबंधों में नियमित सुधार हुआ ।’’ जी..20 और ब्रिक्स शिखर सम्मेलन जैसे बहुपक्षीय मंचों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच विभिन्न बैठकों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘दोनों देशों के नेतृत्व ने नियमित संपर्क कायम रखा है ।’’ उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर एक व्यवस्थित तरीके से वार्ता एवं विमर्श हो रहा है तथा विभिन्न क्षेत्रों में नियमित तौर पर व्यावहारिक सहयोग रहा है ।

चुनिंग ने कहा, ‘‘करीबी पड़ोसी होने के नाते हमारे दो बड़े देशों के बीच मतभेद होना स्वाभाविक है और हम कूटनीतिक माध्यमों के जरिए उनके समाधान के लिए रास्ते तलाश रहे हैं । चीन..भारत संबंधों की मुख्य विषय वस्तु मित्रता और सहयोग की है ।’’ उन्होंने कहा कि वह दो बड़े मुद्दों के समाधान के साथ द्विपक्षीय संबंधों के लिए अगले साल के अधिक सार्थक रहने की उम्मीद करती हैं ।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘वर्ष 2017 के लिए चीन, नेतृत्व के बीच बनी महत्वपूर्ण आम सहमति के बेहतर क्रियान्वयन, व्यापक राजनीतिक पारस्परिक विश्वास, व्यापक पारस्परिक लाभ सहयोग और मतभेदों के उचित प्रबंधन के वास्ते काम करना चाहेगा जिससे कि चीन..भारत संबंधों का सतत एवं नियमित विकास सुनिश्चित हो सके ।’



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment