चेन्नई में कई जगहों पर आयकर विभाग के छापे-Income Tax Raids At Many Places In Chennai



चेन्नई : आयकर विभाग ने नोटबंदी के बाद कर चोरी के मामलों की जांच करने के लिए शहर के कई स्थानों पर छापे मारे तथा 106 करोड़ रुपये नकद और 127 किलोग्राम वजन की सोने की छड़ें बरामद कीं। जब्त की गई कुल नकदी में 10 करोड़ रुपये के नये नोट थे।
नोटबंदी के बाद यह नये नोटों की जब्ती का सबसे बड़ा मामला है। आयकर विभाग का अभियान यहां गुरुवार को शुरू किया गया। आयकर विभाग के शीर्ष अधिकारियों ने आज यहां बताया कि अभियान में अधिकारियों ने 127 किलोग्राम सोना, चलन से बाहर हो चुके नोटों वाले 96 करोड़ रुपये और 2,000 रुपये के नये नोटों वाले 10 करोड़ रुपये जब्त किए। बरामद 127 किग्रा सोना एक एक किलो सोने की छड़ों के रूप में था। उन्होंने बताया कि आयकर विभाग की टीम ने मुद्रा रूपांतरण में शामिल ‘सिंडिकेट’ के कम से कम आठ स्थानों पर अभियान शुरू किया और यह राशि जब्त की।
अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय लेन-देन, सोने की बिक्री की प्रविष्टियों और बिक्री-खरीद के रिकॉर्ड से संबंधित कई दस्तावेज भी जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि कथित सिंडिकेट के तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के दायरे में कुछ अन्य लोग भी हैं। पिछले दिनों कर विभाग ने बेंगलुरू में 5.7 करोड़ रुपये के नए नोट बरामद किए थे। इसके बाद सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय ने नोटबंदी के बाद बड़े पैमाने पर हवाला लेनदेन, भ्रष्टाचार और धनशोधन की जांच शुरू की है।
70 किलोग्राम सोने की छड़ें होटल के एक कमरे से जब्त की गयी। कर छिपाने से जुड़े लेन-देन में संलिप्त तीन संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।

notte1



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment