लखनऊ (जेएनएन)। लखनऊ मेट्रो का ट्रायल रन के लिए तैयार है। लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मेट्रो रवाना करने के लिए पहुंच चुके हैं। बस अब हरी झंडी मिलने का इंतजार है। इस ट्रायल में मेट्रो चालक प्रतिभा होंगी और सीएम इसके पहले यात्री रहेंगे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस दौरान लखनऊ के अवध चौराहे पर सभा भी संबोधित करने वाले हैं। एलएमआरसी के अफसरों ने कल ही डिपो, मेट्रो ट्रेन और ट्रैक का निरीक्षण करके सब कुछ फाइनल कर दिया था। मेट्रो अफसरों के मुताबिक मुख्यमंत्री आने से पूर्व ही मेट्रो कोच को इंस्पेक्शन बे से निकालकर रैंप के पहले स्थित ट्रैक पर खड़ा कर दिया गया। एलएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने बताया कि ट्रॉयल रन मवइया तक करने की योजना है क्योंकि मवइया मेट्रो स्टेशन तक ट्रैक पूरी तरह से तैयार कर लिए गए हैं। मेट्रो ट्रॉयल रन से पहले अवध चौराहे से ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन के बीच नई रोड का निर्माण भी किया गया है। लखनऊ मेट्रो ने अपने नार्थ साउथ कारीडोर के प्राथमिक स्टेशनों का रंगरोगन भी करा दिया है। लखनऊ मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने मेट्रो डिपो के बाहर सफेद रंग का स्वागत द्वार बनवाया है। डिपो के भीतर ट्रॉयल रन व डिपो का उद्घाटन भी किया जाएगा। इसके लिए यहां एक छोटा पंडाल भी लगाया गया हैं।



0 comments:
Post a Comment