समाजवादी पार्टी स्‍टार प्रचारकों की लिस्‍ट में शिवपाल नहीं- shivpal yadav



लखनऊ : यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को स्‍टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 40 स्‍टार प्रचारक शामिल किए गए हैं।


जानकारी के अनुसार, स्‍टार प्रचारकों की सूची में शिवपाल यादव का नाम नहीं है। जबकि रामगोपाल यादव का नाम इस सूची में शामिल किया गया है।

गौर हो कि सपा अब तक 324 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है, लेकिन कांग्रेस के साथ हुए गठबंधन के बाद वह अपने सहयोगी दल के प्रत्याशियों के लिये अपने 26 उम्मीदवारों को वापस लेगी। कांग्रेस के साथ हुए गठबंधन के तहत सपा राज्य विधानसभा की 403 में से 298 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

इससे पहले, सपा अध्‍यक्ष और यूपी के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को सुल्‍तानपुर से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। अखिलेश यादव ने आज कहा कि उनकी सरकार ने अपने चुनाव घोषणापत्र को मुकम्मल तौर पर लागू करके साबित किया है कि समाजवादियों की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है और आगामी केन्द्रीय बजट में भाजपा सपा सरकार की नकल करेगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिये अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए एक रैली में कहा कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने पिछली बार जो घोषणापत्र बनाया था, उसे उनकी सरकार ने पूरी तरह लागू किया है। इस बार के घोषणापत्र में प्रदेश और देश को आगे ले जाने वाली जरूरी चीजों को शामिल किया गया है। समाजवादियों की कथनी और करनी में कोई भेद नहीं है। जनता ने मन बना लिया है, अगर कोई जीतेगा तो ‘साइकिल’ (सपा का चुनाव निशान) वाला ही जीतेगा।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में एक पार्टी ने ‘अच्छे दिन’ लाने का झूठा नारा दिया और लोगों ने उस पर भरोसा कर लिया। इसके बदले में जनता को झाड़ू पकड़ा दी गयी और योग करवाया गया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब तक तीन साल हो गये। चौथा बजट आने वाला है, मैं जिम्मेदारी से कहता हूं कि जब बजट आएगा तो उसमें हम समाजवादियों की (योजनाओं की) नकल की जाएगी। भाजपा ने तीन बजट दिये, उसमें गरीबों के लिये कोई सार्थक योजना नहीं थी। समाजवादी लोग ही उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाएंगे। अखिलेश ने कहा कि राज्य का सियासी तापमान सपा के पक्ष में है। अब केवल साइकिल वाली सरकार ही बनेगी। अब तो आपके साथ कांग्रेस पार्टी भी है। तो सोचिये आप कितनी सीटें जीतने वाले हैं। पहले हम 250 से अधिक सीटें जीत रहे थे, अब 300 से ज्यादा जीतेंगे। हम बहुमत की सरकार बनाएंगे।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment