लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने आज कहा कि वह हमेशा अपने पिता सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ मिलकर चलेंगे और कांग्रेस के साथ गठबंधन पर एक-दो दिन में निर्णय ले लिया जाएगा. चुनाव आयोग के समक्ष ‘साइकिल' की लड़ाई में मिली जीत के बाद अखिलेश ने बधाई देने वाले मंत्रियों, विधायकों और समर्थकों के बीच संवाददाताओं से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि उन्हें सपा का आधिकारिक चुनाव निशान ‘साइकिल' मिलने का पूरा भरोसा था. बदलते राजनीतिक घटनाक्रम में शिवपाल यादव ने आज दिन में मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की. सूत्रों का कहना है कि मुलायम ने शिवपाल सहित सभी विरोधी ताकतों को अखिलेश के खिलाफ नरम रुख रखने को कहा है और चुनाव में सभी को एक साथ आने को कहा है. ऐसे में शिवपाल के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं. एक महत्वपूर्ण बात यह कि पहले अखिलेश के हर राजनीतिक वार पर जवाबी वार के लिए मुलायम सिंह मीडिया के सामने आते थे, लेकिन अब वह मीडिया से दूर अपने घर से सारे राजनीतिक घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं और सार्वजनिक बयानबाजी से बच रहे हैं.



0 comments:
Post a Comment