गाजियाबाद, ( संवाददाता ) गोविंदपुरम, डीडीपीएस में क्लास के अंदर 11वीं छात्र ने साथी छात्र को गोली मार कर घायल दिया । घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर है।
घटना आज सुबह साढ़े 11 बजे हुई। आरोपी छात्र को शिक्षकों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कविनगर पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद कर लिया। आरोपी छात्र के तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल छात्र जैबलिन थ्रो का सीबीएसई गेम्स का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी है।
गोविंदपुरम निवासी हितेश भाटी डीडीपीएस स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता है। बुधवार साढ़े 11 बजे लंच का समय था। तभी 11वीं में ही पढ़ने वाला फरमान अपने तीन दोस्तों दानिश, मोनिश व आकाश के साथ कक्षा में पहुंचा और हितेश को पकड़ लिया। चारों छात्रों ने पहले हितेश की बेल्ट से पिटाई कर दी। इसी दौरान फरमान ने हितेश पर गोली चला दी, गोली सामने से नहीं लगकर शीशे से टकरा गई और हितेश के पीठ में जा लगी। फायरिंग की आवाज के बाद स्कूल में अफरातफरी मच गई।
भाई की पिटाई का लिया बदला
आरोपी फरमान ने बताया कि उसने अपने छोटे भाई की पिटाई का बदला लेने के लिए गोली चलाई। उसने बताया कि कुछ दिन पहले 11वीं में ही पढ़ने वाले भाई दानिश की हितेश ने पिटाई कर दी थी। इसके बाद से उसे वह परेशान करता रहता था। इसके बाद उसने बदला लेने के लिए यह योजना बनाई और स्कूल में ही वारदात को अंजाम दिया।
बैग में रखकर लाया असलहा
फरमान ने इस योजना को दो दिन पहले बनाया और इसमें अपने भाई दानिश व दो दोस्तों को रखा। इस योजना के मुताबिक उसने अपने घर में रखा तमंचा बैग में डाल लिया और स्कूल लेकर आ गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी छात्र ने बताया कि तमंचंा उसके घर पर ही था। पुलिस इस मामले में उसके पिता से भी पूछताछ करेगी।
एसएसपी, दीपक कुमार का कहना है कि भाई की पिटाई का बदला लेने के लिए एक छात्र ने दूसरे छात्र को गोली मार दी। इस मामले में आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।



0 comments:
Post a Comment