लोनी, ( संवाददाता ) राष्ट्रीय लोकदल के स्टार प्रचारक जयंत चौधरी ने कहा कि पीएम मोदी द्वारा की गई नोटबंदी के फैसले का असर सीधे किसानों व गरीबों पर पड़ा है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के बजाय लैपटाप बांट कर सरकार उपलब्धि गिना रही है। सपा सरकार ने प्रदेश की जनता का पैसा पानी की तरह बहाया है। लोनी का अगर विकास कोई कर सकता है तो वह केवल रालोद प्रत्याशी मदन भैया ही कर सकते हैं।
राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी मदन भैया द्वारा बेहटा में मंगलवार को कराई गई चुनावी सभा में जयंत चौधरी ने कहा कि प्रदेश में चारों तरफ भय का माहौल है। किसान परेशान है। युवाओं को रोजगार की तलाश है। चारों तरफ हाहाकार मचा है। सपा ने प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया, तो केंद्र सरकार भी आपने तीन साल के कार्यकाल में किसानों व युवाओं को बेवकूफ बनाया है। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में मेरी सरकार आने वाली है। सबसे पहले किसान आयोग का गठन किया जाएगा, युवाओं को रोजगार देने के लिए उद्योगों को बढ़वा दिया जाएगा। वहीं, लोनी को भय मुक्त करते हुए, शिक्षा का हब बनाया जाएगा। लोनी की सड़कों के साथ मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाकर साथ क्षेत्र का संपूर्ण विकास होगा। लोकदल का प्रत्याशी मदन भैया ही लोनी का विकास कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से लोकदल प्रत्याशी को मत देने की अपील की। जनसभा में लोक दल के समस्त कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।



0 comments:
Post a Comment