दिल्ली सरकार ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से कराएगी एमसीडी चुनाव - Delhi government orders use ballot papers instead of evms in mcd polls





नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी सरकार के मुख्य सचिव को निर्देश दिए हैं कि दिल्ली सरकार ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से एमसीडी चुनाव कराएं. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलिटिकल पार्टियों की मांग है कि नगर निगम चुनाव EVM की जगह बैलट पेपर से कराए जाएं इसलिये आज शाम तक इसके लिए जो भी औपचारिकताएं हैं वो पूरी की जाएं और निगम चुनाव बैलट पेपर से कराये जाएं.'

बता दें कि दिल्ली सरकार ही एमसीडी चुनाव कराती है. अब यह देखना होगा कि दिल्ली सरकार के इस आदेश पर दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल क्या रुख अपनाते हैं.

उल्लेखनीय है कि पंजाब और गोवा में अपेक्षित सफलता ना मिलने के बाद आम आदमी पार्टी ने EVM यानी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर संदेह ज़ाहिर करते हुए मांग की है कि आगामी दिल्ली नगर निगम चुनाव में बैलट पेपर से चुनाव कराये जाएं. आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि 'UP में भी नगर पालिका और नगर पंचायत के चुनाव बैलट पेपर से होते हैं, दिल्ली एमसीडी (MCD) के चुनाव भी बैलेट पेपर से कराये जा सकते हैं.' संजय सिंह ने कहा कि पंजाब चुनाव जीतने वाली कांग्रेस को भी ईवीएम (EVM) पर संदेह है, बसपा को भी संदेह है और दूसरी पार्टियों भी संदेह है यही नहीं बीजेपी जब तक विपक्ष में थी तब तक उसके नेता और समर्थक EVM पर सवाल उठाते थे तो ऐसे में बैलट पेपर से चुनाव कराने में क्या हर्ज है?


आपको बता दें कि पंजाब चुनाव में आम आदमी पार्टी को 117 में से 22 सीटें मिली जबकि गोवा में 40 सीटों में से एक भी सीट पर उसको जीत नहीं मिली और उसके सीएम उम्मीदवार तक चुनाव हार गए. जिसके दो दिन बाद आम आदमी पार्टी नेता EVM से होने वाले चुनाव पर सवाल उठा रहे हैं. हालाँकि इससे पहले बसपा प्रमुख मायावती ने शनिवार को EVM पर सवाल उठाकर दोबारा बैलट पेपर से चुनाव कराने की मांग की थी जिसको चुनाव आयोग ने खारिज कर दिया था. बता दें कि लालू प्रसाद यादव ने भी ईवीएम पर शक जताया है.


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment