साहिबाबाद, ( संवाददाता ) साहिबाबाद की वृंदावन गार्डन कॉलोनी में रविवार शाम मकान मालिक के बेटे ने किराएदार की आठ साल की बेटी के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की मां ने चार दिनों तक आरोपी की धमकी से डरकर थाने में शिकायत नहीं दी। गुरुवार शाम बच्ची के पिता के लौटने पर साहिबाबाद थाने में शिकायत दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी दसवीं का छात्र है।
रायबरेली के मूल निवासी एक ट्रक चालक वृंदावन कॉलोनी में किराए पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले सप्ताह ट्रक से सामान पहुंचाने दूसरे राज्य गए थे। गुरुवार शाम लौटे तो पता चला कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म हुआ है। रविवार शाम उनकी पत्नी दो बच्चों को लेकर खरीदारी करने बाजार चली गई। इस दौरान आठ साल की बच्ची घर में ही थी। इसी दौरान मकान मालिक के 17 वर्षीय बेटे ने घर में घुसकर उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। एक घंटे बाद जब उनकी पत्नी लौटी तो बच्ची रो रही थी। उन्होंने रोने का कारण पूछा तो बच्ची ने आपबीती सुनाई। इसके बाद उन्होंने आरोपी किशोर के परिजनों से शिकायत की।
आरोपी के परिजनों ने बेटे को फटकार लगाते हुए थाने में शिकायत न देने का दबाव बनाया। इसके बाद उनकी पत्नी थाने जाने के लिए बच्ची को लेने कमरे में गई। आरोप है कि तभी आरोपी उनके कमरे में पहुंचा और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने और तुरंत घर से निकालने की धमकी दी। इससे वह डर गई। आरोपी चार दिन तक लगातार उनके कमरे में जाकर धमकी देता रहा। गुरुवार शाम उनके लौटने पर उनकी पत्नी ने आपबीती सुनाई। वह गुरुवार शाम अपनी पत्नी को लेकर थाने गए और उनकी पत्नी ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। जांच के दौरान आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी को घर से धर दबोचा। एएसपी अनूप सिंह ने बताया कि आरोपी नाबालिग है, पूछताछ कर उसे बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।
बच्ची की हालत खराब
पीड़ित परिजनों का कहना है कि दुष्कर्म के बाद उनकी बेटी की तबीयत खराब हो गई है। वह स्कूल भी नहीं जा रही है। घटना के बाद से परिवार के सभी लोग सदमे में है। उन्हें समझ में नहीं आ रहा है कि वे अब क्या करें। आसपास के लोगों को जानकारी होने पर कॉलोनी में रहना भी मुश्किल हो रहा है।
किराया मांगने पर फंसाने का आरोप
आरोपी के परिजनों का कहना है कि बच्ची के पिता ने पिछले दो महीने का किराया नहीं दिया है। दो महीने से वह लगातार कोई न कोई बहाना बना रहा है। किराए के लिए जब दबाव बनाया गया तो उनके बेटे पर दुष्कर्म का आरोप लगा दिया। वहीं बच्ची के पिता ने दो महीने का किराया बाकी होने की बात मानी है, मगर उनका कहना है कि किराए के लिए वह अपनी बेटी को बदनाम नहीं कर सकते हैं।



0 comments:
Post a Comment