लखनउ, (भाषा) चैत्र नवरात्रि की नवमी के दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली कैबिनेट बैठक ली और उसमें नौ अहम फैसले लिये गये।
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री योगी विशिष्ट अतिथि गृह :वीवीआईपी गेस्ट हाउस: में रहकर प्रदेश का कामकाज संभाल रहे थे। इस बीच, पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर नवरात्रि के पहले दिन रहने गये और सभी कैबिनेट सहयोगियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को ‘फलाहार’ पर आमंत्रित किया।
नवरात्रि के अंतिम दिन रामनवमी पर योगी ने अपनी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा के अनुरूप लघु एवं सीमांत किसानों के कर्ज माफ करने का महत्वपूर्ण फैसला किया।
इसके अलावा कैबिनेट की बैठक में आठ और फैसले हुए। स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘:आज: नवमी है इसलिए नौ निर्णय किये गये। यह संयोग है।’’ कैबिनेट ने गाजीपुर में स्पोर्टर्स काम्प्लेक्स बनाने के एक प्रस्ताव पर भी मुहर लगायी। गाजीपुर रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा का संसदीय क्षेत्र है।



0 comments:
Post a Comment