दिल्ली नगर निगम पर BJP का कब्जा BJP occupies Delhi Municipal Corporation



नई दिल्ली, ( संवाददाता  )  दिल्ली के तीनों नगर निगमों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फिर से बहुमत हासिल कर लिया है। अब तक घोषित नतीजों के अनुसार भाजपा ने उत्तरी नगर निगम की कुल 104 सीटों में से 64 पर, दक्षिणी नगर निगम की 104 में से 70, पूर्वी नगर निगम की 63 में से 48 सीटों पर विजय हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है। दिल्ली नगर निगम चुनावों में भाजपा ने लगातार तीसरी बार अपना परचम लहराया है।
दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को इन चुनावों में करारा झटका लगा है। पिछले दिल्ली विधानसभा चुनावों में 70 में 67 सीटें जीतने वाली आप इन चुनावों में भाजपा से बहुत पिछड़ गयी है जबकि कांग्रेस तीसरे नम्बर पर रही है। उसे केवल 30 सीटें मिली हैं। पूर्वी नगर निगम की 63 सीटों पर चुनाव हुए, इनमें 48 सीटों पर भाजपा को जीत मिली। पूर्वी दिल्ली निगम में 64 वार्ड हैं और मौजपुर वार्ड के एक उम्मीदवार की मृत्यु होने के कारण वहां चुनाव स्थगित कर दिया है। यहां आम आदमी पार्टी को 10, कांग्रेस को 3 जबकि दो सीटें अन्य को मिली हैं। उत्तरी निगम में कुल 104 वॉर्ड हैं। सराय पीपल थला वार्ड में एक उम्मीदवार की मृत्यु हो जाने के कारण चुनाव नहीं हुआ था।
चुनाव में भाजपा 64, आम आदमी पार्टी 21, कांग्रेस 15 और तीन पर निर्दलीय विजयी हुए हैं। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के कुल 104 वॉर्डों में से भाजपा को 70 वॉर्ड पर जीत मिली है। आम आदमी पार्टी 16 वॉर्डों पर और कांग्रेस 12 वॉर्डों पर विजयी हुई है। समाजवादी पार्टी, इंडियन नेशनल लोकदल को एक-एक और निर्दलीयों को 4 सीटें मिली हैं।दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) में जनकपुरी पश्चिम और जनकपुरी दक्षिण में पार्टी उम्मीदवारों ने आप उम्मीदवारों को शिकस्त दी। नरेंद्र चावला ने जनकपुरी पश्चिम से 1347 मतों के अंतर से जीत दर्ज की जबकि वीना शर्मा ने प्रतिद्वंद्वी आप उम्मीदवार को 5362 मतों से हराया। भाजपा ने उत्तर दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) में राजेंद्र नगर वार्ड से जीत दर्ज की है। निगम चुनावों में सफलता के सकारात्मक रुझानों के अनुरूप भाजपा की यह शुरुआती जीत हुई है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) समेत तीनों निकाय संस्थाओं में सत्तारूढ़ भाजपा ने विरोध की लहर के बावजूद जीत दर्ज की है।





Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment