साहिबाबाद, ( प्रमुख संवाददाता ) थाना साहिबाबाद क्षेत्र के कस्वा फर्रूखनगर में पिछले शुक्रवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग पहुंच गया है। एक मानवाधिकार कार्यकर्ता ने इस प्रकरण की जानकारी देते हुए आयोग से पीड़ित परिवारजनों को मुआवजा दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगायी है। इसके अलावा पूर्व में हुए हादसों से प्रशासन को सबक नहीं लेने का मुद्दा उठाया है।
थाना साहिबाबाद क्षेत्र के फर्रूखनगर में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में चार दिन पहले हुए विस्फोट में पांच लोगों को मौत हो गयी थी। इससे पहले पिछले साल दिसंबर में साहिबाबाद क्षेत्र के शहीदनगर में एक जैकेट फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड में 13 लोगों की जान चली गई थी। मानवाधिकार कार्यकर्ता राजीव शर्मा ने पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के लिए सोमवार को मानवाधिकार आयोग पर दस्तक दी। इस मामले में मानवाधिकार कार्यकर्ता ने आयोग को फर्रूखनगर में हादसे से अवगत कराते हुए पुलिस और प्रशासन को हादसे के लिए जिम्मेदार बताया है। उनका आरोप है कि कई बार की शिकायतों और पूर्व में हुए हादसों से भी जिले के प्रशासन के अधिकारियों ने गंभीरता नहीं लिया है।



0 comments:
Post a Comment