थावे-मशरक रेलखंड पर सवारी ट्रेन का परिचालन शुरू Rave train starts operations on Thave-Musharak division



गोपालगंज, ( संवाददाता )  जिले के लोगों के लिए 9 मई यानी मंगलवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। मंगलवार को थावे-मशरक रेलखंड पर बनी बड़ी लाइन पर सवारी ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ। केन्द्रीय रेलमंत्री सुरेश प्रभाकर प्रभु ने नागपुर में स्थित डीआरएम के कार्यालय से वीडियोकांफ्रेंसिंग के माध्यम से झंडी दिखाकर पहली ट्रेन को रवाना किया।
अपराह्न के 1 बजकर 15 मिनट पर थावे जंक्शन से छपरा कचहरी स्टेशन के लिए पहली ट्रेन रवाना हुई। इससे पहले वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम ही रेलमंत्री ने नागपुर से इलेक्ट्रॉनिक बटन दबाकर थावे-छपरा रेलखंड का लोकार्पण किया। लोकार्पण व ट्रेन परिचालन के उद्घाटन के मौके पर रेलमंत्री ने वीसी के माध्यम से ही जिले के लोगों को संबोधित भी किया। इसमें ट्रेनों के परिचालन, यात्री सुविधाएं व विकास कार्यों की जानकारी दी। इधर, रेलवे प्रशासन द्वारा थावे जंक्शन के पास ही रेलखंड के लोकार्पण व ट्रेन परिचालन के उद्घाटन को लेकर समारोह का आयोजन किया गया था। कौशल विकास व उद्यमिता (स्वतंत्र प्रभार) केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूढ़ी सहित जिले के कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। रेलमंत्री के साथ-साथ केन्द्रीय मंत्री , सांसदों व विधायकों ने भी हरी झंडी दिखाकर पहली ट्रेन को थावे जंक्शन से छपरा के लिए रवाना किया।
पहली ट्रेन को रेलवे प्रशासन द्वारा फूलों व गुलदस्तों सहित अन्य झालरों से सजाया-संवारा गया था। हरी झंडी मिलने के साथ ही ट्रेन के चालक ने छपरा कचहरी स्टेशन के लिए यात्रा शुरू की। पहली ट्रेन में काफी संख्या में यात्री थावे जंक्शन से भी सवार हुए। इसके अलावे कई जनप्रतिनिधि भी इसमें सवार हुए। मौके पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक सत्यप्रकाश त्रिवेदी, वाराणसी मंडल के डीआरएम एसके झा, स्थानीय भाजपा सांसद जनक राम, सीवान के सांसद ओमप्रकाश यादव, सूबे के पूर्व पर्यटन मंत्री रामप्रवेश राय, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व बैकुंठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी, गोपालगंज के विधायक सुभाष सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, पूर्व एमएलसी मनोज सिंह, भाजपा नेता ब्रजकिशोर राय व रेलवे के कई अधिकारी उपस्थित थे।



Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment