पोर्ट आफ स्पेन, (भाषा) अजिंक्य रहाणे के शतक के बाद गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन से भारत ने वर्षा से प्रभावित दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क््िरकेट मैच में यहां वेस्टइंडीज को 105 रन से हरा दिया।
बारिश के कारण दो घंटे के विलंब से शुरू हुए मैच को 43 ओवर का कर दिए गया जिसके बाद भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 310 रन बनाए। रहाणे ने 104 गेंद में 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 103 रन की पारी खेलने के अलावा शिखर धवन (63) के साथ पहले विकेट के लिए 114 जबकि कप्तान विराट कोहली (87) के साथ दूसरे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की।
इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम लेग स्पिनर कुलदीप यादव (50 रन पर तीन विकेट) और भुवनेश्वर कुमार (नौ रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने छह विकेट पर 205 रन ही बना सकी जिससे भारत ने पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बनाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे वेस्टइंडीज की शुरआत बेहद खराब रही। भुवनेश्वर ने पारी की तीसरी ही गेंद पर कीरोन पावेल (00) को पवेलियन भेजा और फिर अपने अगले ओवर में जेसन मोहम्मद (00) की पारी का भी अंत किया।
विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप (81) और एविन लुईस (21) ने तीसरे विकेट के लिए 89 रन जोड़कर पारी को संवारा लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद वेस्टइंडीज ने लक्ष्य हासिल करने का कोई खास प्रयास नहीं किया। कुलदीप ने लुईस को महेंद्र सिंह धोनी के हाथों स्टंप कराके इस साझेदारी को तोड़ा और एकदिवसीय मैचों में अपना पहला विकेट हासिल किया।
कुलदीप ने 26वें ओवर में जब होप को पगबाधा किया जो वेस्टइंडीज का स्कोर चार विकेट पर 112 रन हो गया और उसे अगले 17 ओवर में 12 रन प्रति ओवर से अधिक की दर से रन चाहिए थे।



0 comments:
Post a Comment