- राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी कोलकता में प्रोफेसर महालनोबिस के जन्मोत्सव में हिस्सा लिया
- सांख्यिकी दिवस को विशेष दिवस के वर्ग में प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाता है
नई दिल्ली, ( विशेष संवाददाता ) भारत सरकार ने वर्ष 2007 में दिवंगत प्रोफेसर प्रशांत चंद्र महालनोबिस के सांख्यिकी, सांख्यिकी प्रणाली और आर्थिक नियोजन के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए प्रोफेसर महालनोबिस के जन्म दिवस 29 जून को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर मनाये जाने वाले विशेष दिवसों के वर्ग में ‘सांख्यिकी दिवस’ के रूप में निर्दिष्ट किया।
इस दिवस को मनाने का उद्देश्य सामाजिक-आर्थिक नियोजन में सांख्यिकी के महत्व की जन जागरूकता पैदा करना और प्रोफेसर महालनोबिस के योगदान को स्वीकार करते हुए उनको श्रद्धांजलि देना है। प्रत्येक वर्ष गंभीर चर्चा हेतु राष्ट्रीय महत्व की समसामयिक थीम का चयन किया जाता है और वर्षभर उस चयनित क्षेत्र में सुधार करने के लिए प्रयास किये जाते हैं।
सांख्यिकी दिवस की इस वर्ष की थीम ‘प्रशासनिक सांख्यिकी’ है। प्रशासनिक सांख्यिकी प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। क्योंकि यह लागत और समय कुशल है, सैंपल सर्वेक्षण और जनगणना पर निर्भरता को कम करती है। सरकार के सभी स्तरों केंद, राज्य और स्थानीय निकाय पर प्रशासनिक आंकडे उपलब्ध हैं। विभिन्न स्तरों पर इन आंकडों के समुचित संकलन से आंकड़ों का नियमित मासिक और अल्पकालीन अवधि प्रवाह सुनिश्चित हो जाएगा। इससे सुशासन को सुदृढ़ होगा। इस तरह से चयनित थीम अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह सांख्यिकी व आर्थिक निदेशालय और कार्यक्रम कार्यान्वयन एवं सांख्यिकी मंत्रालय का केंद्र बिंदु क्षेत्र बना हुआ है।
प्रोफेसर महालनोबिस ने वर्ष 1931 में कोलकता में भारतीय सांख्यिकी संस्थान की स्थापना की थी। संसद ने वर्ष 1959 में एक अधिनियम पारित करके इस संस्थान को राष्ट्रीय महत्व का संस्थान घोषित करके कार्यक्रम कार्यान्वयन एवं सांख्यिकी मंत्रालय का एक स्वायत संस्थान बना दिया गया। भारतीय सांख्यिकी संस्थान 29 जून को ‘कर्मिक दिवस’ मनाता है। इस वर्ष कार्यक्रम कार्यान्वयन एवं सांख्यिकी मंत्रालय और भारतीय सांख्यिकी संस्थान ने मिलकर 29 जून को कोलकता में प्रोफेसर महालनोबिस का जन्मोत्सव मनाया। राष्ट्रपति श्री प्रणव मुखर्जी इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले अन्य गणमान्य अतिथियों में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल श्री केशरीनाथ त्रिपाठी, केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्री श्री डी.वी. सदानंद गौड़ा, राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग (एनएससी) के अध्यक्ष डा. आर.एस बर्मन, आईएसआई के अध्यक्ष डा. विजय केलकर, आईएसआई काउंसिल के चेयरमैन प्रो. गोवर्धन मेहता और भारत के मुख्य सांख्यिकीविद डॉ. टी.सी.ए अनंत और सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के सचिव प्रो. के. विजय राघवन आदि मौजूद थे।
29 जून, 2017 को प्रो. पीसी महालनोबिस के 125वें जन्मोत्सव पर कार्यक्रम किया गया। 11वें सांख्यिकी दिवस के अवसर पर केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्री श्री डी.वी. सदानंद गौड़ा ने कोलकाता स्थित महालनोबिस भवन, बारानगर में प्रो. पीसी महालनोबिस पर आयोजित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
प्रो. पीसी महालनोबिस के जन्मोत्सव के अवसर पर अखिल भारतीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों/संस्थानों के स्नातकोत्तर छात्रों के लिए आयोजित ‘निबंध लेखन प्रतियोगिता’ में भाग लेने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया गया।



0 comments:
Post a Comment