आज सिक्किम जायेंगे सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत - Army chief to visit sikkim today





नई दिल्ली: सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत आज (गुरुवार को) सिक्किम जा सकते हैं. हालांकि यह यात्रा पहले से तय थी लेकिन सिक्किम में चीन से चल रहे विवाद के बाद यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण हो गई है. खबर है कि चीन भूटान से सटे इलाके में सड़क बना रहा है जिसका भारत विरोध कर रहा है. दोनों देशों के बीच विवाद का यह अहम कारण है. पिछले 15-20 दिनों से सिक्किम के डोकाला दर्रे में भारत और चीन के सैनिकों के बीच तनातनी चल रहा है. इसी की वजह से ही नाथूला पास से होकर कैलाश मानसरोवर जाने वाले तीर्थयात्री नहीं जा पा रहे हैं. चीन ने एक भी तीर्थयात्री को इस रास्ते से होकर नहीं जाने दिया है. हालात यह हैं कि जब तक दोनों देशों के बीच यह मामला नहीं सुलझता तब तक इस रास्ते से कोई यात्री कैलाश मानसरोवर तो नहीं ही जा पाएगा.

वैसे खबर यह है कि चीन यहां भूटान से सटे इलाके में सड़क बना रहा है. भारत इसका विरोध कर रहा है क्योंकि अगर यह सड़क बनी तो चीन सिलीगुड़ी (चिकन-नैक) के बेहद करीब आ जाएगा, जो सामरिक तौर से भारत के लिए एक बड़ा खतरा है. इस पूरे मामले में न तो सेना और न ही रक्षा मंत्रालय कुछ भी बोलने को तैयार है. बस इससे जुड़े कोई भी सवाल पूछने पर इतना ही कहते हैं नो कमेंट.

चीन के साथ सीमा पर बढ़ी तनातनी के बीच चीन ने इस मामले में भारत पर भूटान के लिए दखल देने का आरोप लगाया है. चीन ने कहा है कि भारत को किसी और देश के लिए दखल देने का अधिकार नहीं है. इस सबके बीच भूटान ने चीन के सामने राजनियक ऐतराज़ जताते हुए कहा है कि इस इलाके के डोक लाम में चीन का सड़क निर्माण करना इस जगह को लेकर हुए उस समझौते का उल्लंघन है, जिसमें इस विवादित इलाके में सीमा विवाद के निपटारे तक शांति बनाए रखने पर सहमति बनी थी. भूटान ने यहां पर सड़क निर्माण रोकने की मांग की है. गौरतलब है कि विवाद के केंद्र में आया यह इलाका भारत, भूटान और चीन की सीमा से सटा हुआ है.

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment