श्रीलंका को पहले टेस्‍ट में 304 रन के विशाल अंतर से हरा दिया भारतीय टीम ने - indiavssri lanka first test live fourth day in galle





गाले: भारतीय टीम ने गेंदबाजी और बल्‍लेबाजी, दोनों क्षेत्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को यहां पहले टेस्‍ट में 304 रन के विशाल अंतर से हरा दिया. मैच का फैसला चौथे दिन ही हो गया. श्रीलंका की टीम के सामने जीत के लिए 550 रन का असंभव सा लक्ष्‍य था लेकिन दूसरी पारी में वह 245 रन पर ढेर हो गया. आठवें विकेट के रूप में लाहिरु कुमारा के आउट होते ही श्रीलंका की दूसरी पारी को समाप्‍त मान लिया गया. हेराथ और गुणरत्‍ने चोट के कारण बैटिंग के लिए नहीं उतरे. श्रीलंका की दूसरी पारी में दिमुथ करुणारत्‍ने  के 97 और निरोशन डिकवेला के 67 रन ही उल्‍लेखनीय रहे. भारत की पहली पारी में 190 रन बनाने वाले शिखर धवन मैन ऑफ द मैच घोषित किए गए. रविचंद्रन अश्विन को भी उनके 50वें टेस्‍ट पर विशेष अवार्ड दिया गया.

इससे पहले सुबह भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी तीन विकेट पर 240 रन बनाकर घोषित की थी और श्रीलंका को जीत के लिए 550 रन का लक्ष्‍य दिया था. भारतीय टीम के कप्‍तान विराट कोहली ने अपना 17वां टेस्‍ट शतक लगाते हुए नाबाद 103 रन की पारी खेली. भारतीय टीम ने मैच की पहली पारी में 600 रन का विशाल स्‍कोर बनाया था, जिसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 291 रन बनाकर समाप्‍त हुई थी.


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment