जयपुर, (भाषा) किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर जयपुर में रैली निकाल रहें 16 किसान प्रतिनिधियों को पुलिस ने खदेड दिया।
गांधीनगर थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि किसान रैली विवेकानंद हास्टल से गांधी सकर्लि तक प्रस्तावित थी। प्रशासन की ओर से रैली निकालने की अनुमति नहीं दिये जाने के कारण किसानों को सीआरपीसी की धारा 129 के तहत खदेड कर प्रतापनगर पुलिस थाने ले जाया गया।
गत 22 जून को 26 किसान संगठनों ने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश के 45 हजार गांवों को बंद करने और जयपुर में एक किसान रैली आयोजन करने की घोषणा की थी।
किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने कहा कि हमने प्रशासन से गत 30 जून को जयपुर में किसान रैली की अनुमति मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने कल रैली आयोजित करने की अनुमति से इंकार कर दिया। यह किसानों की आवाज को दबाने के लिये किया गया है। हम शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन हमें हिरासत में ले लिया गया। पुलिस हिरासत से छूटने के बाद हमने गांधी सकर्लि पर श्रृद्धांजलि दी।
उन्होंने दावा कि प्रदेश के 45 हजार गांवों में बंद सफल रहा। उन्होंने कहा कि किसानों की जब तक मांगें नहीं मानी जायेगी तब तक किसानों का विरोध जारी रहेगा।
प्रदेश के किसान संगठन किसानों के सभी तरह के रिणों से मुक्ति, 2004 में गठित किसान आयोग की रिपोर्ट को 15 अगस्त 2007 से लागू करने, किसान सुरक्षा अधिनियम, और एम एस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग कर रहे है।



0 comments:
Post a Comment