कोच पद की दौड़ में रवि शास्‍त्री को सबसे मजबूत दावेदार मानते हैं सुनील गावस्‍कर - ravi shastri will probably get the coach job sunil gavaskar





पूर्व कप्‍तान और महान ओपनर सुनील गावस्‍कर टीम इंडिया के कोच पद की दौड़ में रवि शास्‍त्री को सबसे मजबूत दावेदार मानते हैं. सनी के अनुसार, कोच पद के लिए रवि शास्‍त्री का दावा सबसे मजबूत लग रहा है. गौरतलब है कि कपिल देव के नेतृत्‍व में वर्ल्‍डकप 1983 की चैपियन रही भारतीय टीम के सदस्‍य शास्त्री ने औपचारिक तौर पर अपना आवेदन बीसीसीआई को सौंप दिया है जिसके बाद माना जा रहा है कि इस दौड़ में वह सबसे आगे निकल गए हैं.

गावस्कर ने कहा, 'रवि असल में वह व्यक्ति थे जिन्होंने 2014 में भारतीय क्रिकेट टीम के कायापलट की शुरुआत की. वे वर्ष 2014 से 2016 के बीच टीम निदेशक रहे. गावस्‍कर ने कहा, 'इंग्लैंड में भारतीय टीम की हार के बाद बीसीसीआई ने उन्हें टीम निदेशक के रूप में आने को कहा था. इसके बाद अचानक ही टीम का भाग्य बदल गया. अब उन्‍होंने औपचारिक रूप से टीम इंडिया के कोच पद के लिए आवेदन कर लिया है. ऐसे में मेरी राय में उन्‍हें यह पद मिल सकता है.' अगस्त 2014 से जून 2016 तक भारतीय टीम के निदेशक रहे शास्त्री के कप्तान विराट कोहली सहित अन्य खिलाड़ियों से अच्छे संबंध हैं. शास्त्री के मार्गदर्शन में भारत ने 2014 में इंग्लैंड के खिलाफ उसकी सरजमीं पर वनडे सीरीज जीतने के बाद 2015 वर्ल्‍डकप और 2016 वर्ल्‍ड टी20 के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी. इसके अलावा टीम ने श्रीलंका में टेस्ट सीरीज जीतने के साथ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज और ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज जीती.

गौरतलब है कि रवि शास्‍त्री के अलावा टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग, ऑस्‍ट्रेलिया के टॉम मूडी, टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद, पाकिस्‍तान टीम के कोच रहे चुके रिचर्ड पाइबस भी कोच पद के लिए आवेदन कर चुके हैं.  डोडा गणेश, फिल सिमंस और लालचंद राजपूत भी कोच पद की दौड़ शामिल हैं

Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment