नई दिल्ली: बॉलीवुड के सिंगर मीका सिंह एक बार फिर विवादों में हैं. ऐसा कयास लगाए जा रहा है कि 12 और 13 अगस्त को मीका शिकागो और ह्यूस्टन में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कुछ कार्यक्रम करने वाले हैं. इस कार्यक्रम को लेकर मीका ने कुछ ट्वीट किए जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया है. एक वीडियो में मीका ने अपने प्रशंसकों से अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त को हमारा हिन्दुस्तान आजाद हुआ था और 14 को 'हमारा पाकिस्तान'. अपने कार्यक्रम के बारे में ट्वीट करते हुए मीका ने लिखा “ह्यूस्टन और शिकागो में मेरे साथ रॉक करने के लिए तैयार हो जाओ.. मैं आ रहा हूं आपको रॉक करने के लिए.. जय हिंद”.
इसके बाद उनके कार्यक्रम को लेकर आयोजकों ने एक ट्वीट किया जिसमें मीका अपने फैन्स को संबोधित करते हुए दिखाई दिए. इसी वीडियो में उन्होंने 'हमारा पाकिस्तान' कहा, जिसके बाद वह सोशल मीडिया पर ट्रोल होने लगे. अपना कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए एक यूजर ने लिखा शर्म करो मीका सिंह, तुम पाकिस्तानी दिन मनाने जा रहे हो? क्या आपको बता है कि पाक कितने हमारे आर्मी जवानों को मार चुका है? मीका का यह वीडियो ऐसे समय में आया है, जब सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से रोजाना सीजफायर का उल्लंघन हो रहा है. वहीं, एमएनएस के नेता ने उन्हें ओपन चैलेंज करते हुए ट्वीट किया है कि वह महाराष्ट्र में माइक पकड़कर दिखाएं.



0 comments:
Post a Comment