नई दिल्ली: करीना कपूर खान इन दिनों अपनी फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' की शूटिंग में काफी बिजी हैं, लेकिन इस बिजी शेड्यूल में भी उनका बेटा तैमूर उनके साथ है. हाल ही में अपनी इस कमबैक फिल्म की शूटिंग के लिए दिल्ली पहुंची करीना अपने बेटे को भी साथ लेकर पहुंचीं. ऐसे में यह अफवाहें भी उड़ने लगीं कि करीना की इस फिल्म में छोटे नवाब यानी तैमूर भी नजर आने वाला है. लेकिन अब खुद करीना ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि तैमूर इस फिल्म में नजर नहीं आएगा, क्योंकि फिल्म की प्रोड्यूसर तैमूर और उनकी मां यानी करीना, दोनों का एक साथ खर्च नहीं उठा सकती. इस मजेदार वीडियो में करीना फिल्म की प्रोड्यूसर और अनिल कपूर की बेटी रिया कपूर भी नजर आ रही हैं.
मां बनने के बाद करीना पहली बार इस फिल्म का हिस्सा बनने वाली हैं. इस फिल्म का निर्देशन शशांक घोष कर रहे हैं और करीना के साथ इस फिल्म में सोनम कपूर और स्वारा भास्कर भी नजर आएंगी. इस फिल्म के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किए गया है, जिसमें करीना तैमूर के इस फिल्म में होने पर बात करती दिख रही हैं.
करीना से इस वीडियो में पूछा गया कि चारों तरफ अफवाह है कि तैमूर भी इस फिल्म में नजर आने वाला है. इस पर करीना कहती हैं, ' तैमूर तो इस फिल्म में नहीं है लेकिन उसकी मां है.' इसपर प्रोड्यूसर रिया कपूर पीछे से कहती हैं, 'यह मेरे बजट से ऊपर है.' करीना इस वीडियो में यह भी कहती हैं कि वह अपना लुक भी दर्शकों को दिखाना चाहती हैं, लेकिन प्रोड्यूसर ऐसा नहीं चाहती इसलिए मैं आपको सिर्फ अपना चेहरा दिखा रही हूं.'



0 comments:
Post a Comment