नई दिल्ली / चंडीगढ़: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को रेप के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद पंचकूला में भड़की हिंसा के सिलसिले में हरियाणा पुलिस ने मोस्ट वांटेड लिस्ट जारी की है. इस लिस्ट में राम रहीम की सबसे करीबी हनीप्रीत का नाम शामिल है. 43 मोस्ट वांटेड लोगों में डेरा प्रवक्ता आदित्य इंसा का भी नाम है. राम रहीम को दोषी करार देने के बाद उसके गनमैन उसे कोर्ट से भगाकर लेकर जाना चाहते थे. इस पूरे मामले की साजिश हनीप्रीत ने रची थी, जिसके चलते पुलिस ने हनीप्रीत के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर रखा है. हरियाणा पुलिस ने 25 अगस्त को पंचकूला में भड़की हिंसा की घटनाओं के संबंध में रविवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हरियाणा पुलिस के विशेष जांच दल ने राजस्थान के उदयपुर से डेरा पदाधिकारी प्रदीप गोयल इंसा को गिरफ्तार किया.
पंचकूला के पुलिस उपायुक्त मनबीर सिंह ने बताया कि आदित्य इंसा के साले प्रकाश उर्फ विकी को रविवार को मोहाली से पकड़ा गया. उन्होंने बताया कि विजय नाम के एक अन्य व्यक्ति को शनिवार को पिंजौर से गिरफ्तार किया गया. हरियाणा पुलिस ने बताया कि वह हिंसा की घटनाओं से जुड़े विभिन्न सूत्रों से वीडियो जुटा रही है और हिंसा भड़काने तथा आगजनी की घटनाओं में शामिल बाकी आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
उन मीडिया खबरों के बारे में पूछे जाने पर जिसमें कहा गया कि हनीप्रीत पहले ही नेपाल भाग चुकी है, इस पर डीसीपी मनबीर ने कहा, इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है. ये आधारहीन हैं. बता दें कि पंचकूला हिंसा के मामले में डेरा प्रमुख के शीर्ष सहायक और प्रवक्ता दिलावर इंसा समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. दिलावर को 15 सितंबर को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया था.



0 comments:
Post a Comment