मेट्रो से एक नये अध्‍याय की शुरुआत होगी – श्री राजनाथ सिंह A new chapter will be started from the Metro - Shri Rajnath Singh



लखनऊ मेट्रो कल से ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग के बीच चलेगी 

लखनऊ, ( विशेष संवाददाता )  गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मेट्रो सेवा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी श्री आदित्‍य नाथ और केन्‍द्रीय आवास और शहरी विकास मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी भी उपस्थित थे। भारत सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा बराबर की भागीदारी के आधार पर शुरू की गई इस परियोजना में यूरोपियन निवेश बैंक की भागीदारी 53 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और मेट्रो मैन डा. ई श्रीधरन की देखरेख में शुरू हो रही लखनऊ मेट्रो पहले चरण में कल से ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग के बीच साढे आठ किलोमीटर की दूरी तय करना शुरू कर देगी। इस मौके पर गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार लखनऊ में अंतिम दूरस्थ इलाके तक को परिवहन व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लखनऊ में सात नये फ्लाई ओवर बनाये जायेगें । गृह मंत्री ने कहा कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर चार अतिरिक्त रेल लाईन बिछाने के साथ ही दो नये प्लेटफार्म भी बनाये जायेगे। उन्होंने कहा कि आलमनगर और गोमती नगर रेलवे स्टेशनों के विस्तार की योजना पर भी काम शुरू हो गया है। गोंमती नगर रेलवे स्टेशन के विस्तार के लिये पांच सौ तेरह करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है।

 श्री सिंह ने कहा कि मेट्रो सेवा शुरू होने के साथ ही लखनऊ को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना साकार होने लगा है। मुख्य मंत्री योगी श्री आदित्य नाथ ने कहा कि प्रदेश में सात शहरों में मेट्रो सेवा शुरू करने की योजना है। मेट्रो को लाभकारी परियोजना बताते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही उत्तर प्रदेश मेट्रो कारपोरेशन का गठन करेगी। केन्द्रीय आवास और शहरी विकास राज्य मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में इस समय एक हजार किलोमीटर लंबी मेट्रो सेवा उपलब्ध है। राज्यपाल श्री राम नाईक ने समय से मेट्रो परियोजना पूरी होने पर टीम को बधाई दी। इस मौके पर मेट्रो मैन श्री ई श्रीधरन, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और श्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनट मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, श्री बृजेश पाठक, श्री आशुतोष टंडन, श्री सुरेश खन्ना, श्री महेन्द्र सिंह, श्री सुरेश पासी, सुश्री स्वाति सिंह और सांसद श्री कौशल किशोर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जन मौजूद रहे।


Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment