आरोपी कंडक्‍टर अशोक के बयान बदलने के बाद बढ़ गई हैं पुलिस की परेशानियां - pradyuman murder case accused conductor ashok says in court he didt killed pradyumna





गुरुग्राम : गुरुग्राम के रायन इंटरनेशनल स्‍कूल में 8 सितंबर को हुई प्रद्युम्न की हत्‍या के मामले में सोमवार को नया मोड़ आ गया है. अदालत में सोमवार को सुनवाई के दौरान आरोपी कंडक्‍टर अशोक ने अपने बयान बदल दिए हैं. उसके बयान बदलने के बाद पुलिस की परेशानियां बढ़ गई हैं. दरअसल मामले की सुनवाई सोमवार को स्‍पेशल कोर्ट में की गई. इस दौरान अशोक ने खुद को निर्दोष बताया और कहा कि मुझे इस मामले में फंसाया जा रहा है.

इस मामले के तूल पकड़ने के बाद बस कंडक्‍टर अशोक ने मीडिया के सामने प्रद्युम्न की हत्‍या करने की बात कुबूल की थी. उसने यह भी कहा था कि प्रद्युम्न की हत्‍या करने के लिए उसने चाकू बस के टूल बॉक्‍स से लिया था. इस‍के बाद पुलिस अशोक को हत्यारा मान कर जांच पूरी करने का दावा कर रही थी. लेकिन सोमवार को अशोक ने जज के सामने स्‍पेशल कोर्ट में बयान बदल दिए.



अशोक के वकील मोहित वर्मा ने मीडिया के सामने बताया कि अतिरिक्त सेशन जज रजनी यादव की कोर्ट में अशोक को दोपहर करीब 2 बजे पेश किया गया. अदालत में अशोक ने जज के सामने खुद को निर्दोष बताया.

अशोक ने कहा कि पुलिस ने मुझे फंसाया है, उसने ये भी कहा कि पुलिस ने हत्या का जुर्म कबूल करने के लिए मेरे ऊपर दबाव बनाया है. इस पर जज ने कहा ठीक है. इसके बाद अशोक को 29 सिंतबर तक के लिए जेल भेज दिया गया. अशोक के वकील मोहित वर्मा ने कहा कि अशोक निर्दोष है और पुलिस उसको फंसाने के लिए दबाव बना रही है.



सोमवार को अदालत में अशोक के अलावा इस मामले में गिरफ्तार किए गए रायन स्‍कूल के दो अन्‍य अधिकारियों फ्रासिंस और जेएस थॉमस को भी पेश किया गया. अदालत में पेशी के बाद जेएस थॉमस ने कहा कि वह स्कूल का एचआर हैड नहीं है. वह तो सिर्फ अकाउंटेट है. थॉमस के वकील ने बताया कि आरोपी स्कूल में वेतन बांटने का काम करता है. इस दौरानल स्कूल की ओर से दिए गए नियुक्ति पत्र को भी जज को दिया गया.
Share on Google Plus

0 comments:

Post a Comment