महाराजगंज, लखनऊ, (भाषा) उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र में आज टैंकर ने कार को टक्कर मार दी, जिससे नौ लोगों की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य जख्मी हो गये।
पुलिस ने बताया कि कार सवार लोग गोरखपुर से सोनौली जा रहे थे। देवपुर—नेपाल रोड पर कार को टैंकर ने टक्कर मार दी, जिससे सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। दो घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बतायी गयी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। कार चालक को छोड़कर बाकी किसी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
इस बीच लखनऊ में एक प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराजगंज के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में नौ लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
इस सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए योगी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि अस्पताल में भर्ती घायलों की समुचित चिकित्सा सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना की है।



0 comments:
Post a Comment