अमेठी: मिशन 2019 की तैयारियों के तहत बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अमेठी पहुंच रहे हैं. दरअसल इसके माध्यम से बीजेपी उन सीटों पर फोकस कर रही है, जहां उसको पिछली बार सफलता नहीं मिली थी. इसीलिए राहुल गांधी के अमेठी के दौरे के तीन दिन बाद बीजेपी के ये नेता यहां पहुंच रहे हैं.
अमेठी को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है. 2014 के लोकसभा चुनाव में यहां राहुल और स्मृति के बीच कड़ा चुनावी मुकाबला देखने को मिला था. चुनाव राहुल जीते थे. राहुल को चार लाख आठ हजार 651 मत मिले जबकि स्मृति ईरानी को तीन लाख 748 वोट हासिल हुए थे. चुनाव हारने के बावजूद स्मृति की सक्रियता अमेठी में बनी रही.
बात 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की करें तो बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली तथा राहुल के निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के तहत आने वाली दस विधानसभा सीटों में से छह पर जीत दर्ज की थी. बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि अमित शाह और स्मृति ईरानी के दौरे से संदेश जाएगा कि मौजूदा सरकार राज्य के चहुंमुखी विकास में भरोसा करती है और उन सीटों के साथ सौतेला बर्ताव नहीं होगा, जहां बीजेपी को विजय नहीं मिली.
दरअसल बीजेपी कांग्रेस के गढ़ अमेठी से पिछली बार हारी हुई सीटों पर फोकस करने का प्रयास कर रही है. इसके मद्देनजर बीजेपी ने यूपी की उन सीटों पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है, जहां पर उसको लगता है कि सबसे पहले ध्यान दिए जाने की जरूरत है. इसके मद्देनजर पार्टी यूपी में उन सात सीटों पर अपना ध्यान केंद्रित करने पर जोर दे रही है, जहां 2014 में बीजेपी और सहयोगी अपना दल जीत हासिल नहीं कर सके थे. इसके तहत बीजेपी सबसे पहले इन्हीं सीटों पर जनसभाएं और सांगठनिक कार्यक्रम शुरू करने जा रही है.
दरअसल बीजेपी का मानना है कि 2009 की तुलना में 2014 के चुनावों में उसको इन सीटों पर अपेक्षाकृत अधिक वोट मिले थे. इसलिए आगामी चुनावों के लिहाज से पार्टी अभी से ही इन सीटों पर फोकस कर रही है.
अमेठी जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक दस अक्टूबर को कई योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास होने की संभावना है. इस मौके पर होने वाले कार्यक्रम को शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्मृति ईरानी संबोधित करेंगी. विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित होंगे.
स्मृति ईरानी के दस अक्टूबर को गौरीगंज में एफएम स्टेशन के शुभारंभ के मौके पर उपस्थित रहने की उम्मीद है. वह पिपरी गांव के निकट गोमती नदी के बाएं किनारे को बचाने के लिए परियोजना के शुभारंभ में शामिल होंगी. वह अमेठी जिला अस्पताल में टीबी यूनिट का उद्घाटन करेंगी और ओदारी तिलोई में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के उद्घाटन तथा राज्य एवं केन्द्र सरकार की ओर से शुरू होने वाले जन कल्याण के कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी.



0 comments:
Post a Comment